पटियाला: पटियाला पुलिस को अपराध के खिलाफ एक बेहद बड़ी और सनसनीखेज कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले एक इंटरनेशनल गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ‘खत्री गैंग’ के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा मिला है, जिसमें 15 अवैध पिस्टल और 50 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पकड़े गए ये सभी हथियार तस्कर पंजाब के होशियारपुर, जालंधर और उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
फ्लिपकार्ट की वर्दी पहनकर करते थे हथियारों की सप्लाई
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि ये तस्कर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक बेहद शातिर तरीका अपनाते थे। हथियार सप्लाई करने के लिए ये आरोपी मशहूर ई-कॉमर्स कंपनी ‘फ्लिपकार्ट’ के डिलीवरी बॉय की वर्दी पहनते थे। डिलीवरी यूनिफॉर्म में होने के कारण आम लोगों और पुलिस को लगता था कि ये ऑनलाइन शॉपिंग के पार्सल देने जा रहे हैं, जबकि असल में ये उन पार्सलों के जरिए खतरनाक हथियारों की डिलीवरी कर रहे होते थे।
सोशल मीडिया ऐप से मिलता था हथियारों का ऑर्डर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस इंटरनेशनल हथियारों के गैंग का पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए ऑपरेट किया जा रहा था। एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि ये गिरफ्तार युवक एक खास मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने आकाओं से जुड़े हुए थे। उन्हें इसी ऐप पर हथियारों के पार्सल उठाने और उनकी आगे सप्लाई करने के दिशा-निर्देश मिलते थे। ऊपर से मिले इन्हीं निर्देशों के आधार पर वे पार्सल उठाकर तय ठिकाने तक पहुंचाते थे। फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके।


Could the delivery boy visiting your home be an arms smuggler?








