अमृतसर: अमृतसर में आज एक अनोखी लेकिन बेहद अहम राजनीतिक हलचल देखने को मिलेगी। नीट (NEET) और सीबीएसई (CBSE) छात्रों के समर्थन में आज ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) शहर में जोरदार प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके खुद इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए अमृतसर पहुंच रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो जारी कर युवाओं से इस आंदोलन का हिस्सा बनने की पुरजोर अपील की है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह आज शाम 4 बजे अमृतसर पहुंचेंगे। उन्होंने सभी युवाओं को अमृतसर के मशहूर गोल्डन गेट पर भारी संख्या में जुटने का आह्वान किया है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की होगी मांग
इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य देश में चल रहे नीट विवाद और सीबीएसई छात्रों की समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाना है। अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के समर्थन में किया जाने वाला यह प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा। इस आंदोलन के जरिए मुख्य रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की जाएगी। दीपके का मानना है कि यदि देश का युवा और सभी लोग एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें, तो नीट और सीबीएसई के उन लाखों छात्रों को इंसाफ मिल सकता है, जो इस समय सिस्टम की खामियों का शिकार हो रहे हैं।


‘Cockroach Janata Party’ to stage a massive protest in Punjab today








