जालंधर: शहर के व्यस्त स्काइलार्क चौक पर दो कारों की मामूली टक्कर के बाद भारी हंगामा देखने को मिला। हादसे के बाद एक कार चालक ने आपा खोते हुए दूसरी गाड़ी में सवार महिला क्रिकेट खिलाड़ी के साथ सरेआम बदसलूकी की और उसे मुक्का जड़ दिया। इस शर्मनाक घटना को देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। भड़की भीड़ ने आरोपी युवक को घेर लिया और उसकी कार पर हमला कर दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामूली एक्सीडेंट के बाद महिला खिलाड़ी से हाथापाई
चश्मदीदों के मुताबिक, सड़क पर जा रही दो कारों के बीच अचानक टक्कर हो गई थी, जिससे दोनों गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के तुरंत बाद कार से उतरे युवक ने बहसबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने सारी हदें पार करते हुए दूसरी कार में सवार महिला क्रिकेट खिलाड़ी के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान तैश में आकर युवक ने महिला खिलाड़ी के चेहरे पर जोरदार मुक्का मार दिया।
गुस्से से आगबबूला हुई भीड़, आरोपी की कार को घेरा
एक महिला खिलाड़ी के साथ बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी को देखकर आस-पास के लोग और दुकानदार भड़क उठे। उन्होंने तुरंत पीड़ित महिला के समर्थन में मोर्चा खोलते हुए आरोपी युवक की कार को चारों तरफ से घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने युवक को सबक सिखाने के इरादे से उसकी कार पर दो बार जोरदार हमला भी किया। लोग इतने गुस्से में थे कि वे आरोपी को जबरन कार से बाहर खींचने की कोशिश कर रहे थे और जमकर बवाल काटा।
भारी जाम के बीच पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान
सड़क के बीचों-बीच हुए इस हंगामे और सैकड़ों लोगों के जमा होने के कारण स्काइलार्क चौक पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लगने से आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बवाल की सूचना मिलते ही थाना 4 की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। हालात को बेकाबू होता देख पुलिस ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। आरोपी युवक को भीड़ के चंगुल से बचाने के लिए पुलिसकर्मी खुद उसकी कार के अंदर बैठ गए। कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को हटाकर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Brazen hooliganism in Jalandhar: Female cricketer punched in the middle of the road




