You are currently viewing जालंधर में सरेबाजार गुंडागर्दी, युवक के सिर पर सीवर का ढक्कन मारने की कोशिश; बचाने आई बहन के फाड़े कपड़े

जालंधर में सरेबाजार गुंडागर्दी, युवक के सिर पर सीवर का ढक्कन मारने की कोशिश; बचाने आई बहन के फाड़े कपड़े

जालंधर: जालंधर में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। शुक्रवार को बाजार में दवाई लेने गए एक नौजवान पर कुछ बदमाशों ने पहले से घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया। बेखौफ आरोपियों ने युवक के सिर पर सीवरेज का भारी ढक्कन मारने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब बीच-बचाव करने आए उसके भाई और बहन को भी दरिंदों ने नहीं बख्शा। हमलावरों ने न सिर्फ युवती के साथ सरेआम बदसलूकी की, बल्कि उसके कपड़े तक फाड़ दिए और गोली मारने की धमकियां दीं। बीच सड़क पर बेखौफ बदमाशों का यह खौफनाक नंगा नाच करीब डेढ़ घंटे तक चलता रहा।

बहन ने लगाए नशे के कारोबार और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप

इस घटना को लेकर पीड़ित युवती ने बताया कि बस्ती गुजा इलाके के रहने वाले काली, छांगा, नीरज नेपाली और दीवु ने उनके भाई पर यह जानलेवा हमला किया है। युवती का आरोप है कि ये सभी आरोपी इलाके में अवैध नशे का काला कारोबार चलाते हैं। पीड़िता के मुताबिक, जब वह अपने भाई की जान बचाने के लिए दौड़कर आगे आई, तो दीवु और काली ने उसके साथ सरेआम छेड़छाड़ की, उसके कपड़े फाड़ दिए और पूरे परिवार को बीच सड़क पर गोलियों से भूनने की खुलेआम धमकी दी।

मौके पर पहुंची सास ने खोला आरोपी दामाद का ‘काला चिट्ठा’

इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच बीच सड़क पर एक ऐसा मोड़ आया जिसने वहां मौजूद सबको चौंका दिया। घटनास्थल पर मौजूद एक महिला ने हमलावरों में से एक का सारा कच्चा-चिट्ठा सबके सामने खोल दिया। महिला ने बताया कि मुख्य हमलावरों में शामिल ‘छांगा’ कोई और नहीं बल्कि उसका सगा दामाद है। उसकी बेटी ने छांगे के साथ प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद से ही वह उसकी बेटी को बेरहमी से पीटता है और घरेलू हिंसा करता है। सास ने सरेआम अपने ही दामाद को एक आदतन अपराधी करार दिया।

पुलिस की सुस्ती पर भड़के लोग, नशे के एंगल से पुलिस का इनकार

सरेबाजार डेढ़ घंटे तक चले इस खूनी खेल और हंगामे के दौरान पुलिस की सुस्ती ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोगों का कड़ा आरोप है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जिसका पूरा फायदा उठाकर सभी आरोपी मौके से आसानी से फरार हो गए। वहीं, मामले पर अपनी सफाई देते हुए पुलिस ने कहा कि उनके पहुंचने से पहले ही बदमाश भाग चुके थे। हालांकि, पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच में पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए नशे के कारोबार वाले एंगल को फिलहाल सिरे से नकार दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है और पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Brazen hooliganism in Jalandhar: attempt to strike a young man on the head with a manhole cover