You are currently viewing पंजाब में सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी BJP, संगठन मंत्री BL संतोष ने किया बड़ा ऐलान

पंजाब में सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी BJP, संगठन मंत्री BL संतोष ने किया बड़ा ऐलान

पटियाला: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी सियासी रणनीति पूरी तरह साफ कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने दो टूक शब्दों में बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि बीजेपी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी। अपने दो दिवसीय पंजाब दौरे के पहले दिन पटियाला में आयोजित पहली जोनल बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और बीजेपी इस बदलाव को हकीकत में बदलने के लिए पूरी ताकत झोंकने जा रही है।

गठबंधन की तमाम अटकलों पर लगा पूर्णविराम
बी.एल. संतोष के इस खुले बयान से पंजाब के सियासी गलियारों में किसी अन्य दल के साथ गठबंधन को लेकर लगाई जा रही सभी अटकलों पर पूरी तरह विराम लग गया है। इससे पहले पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी गठबंधन की संभावनाओं को खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि पार्टी राज्य की सभी 117 सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। केंद्रीय नेतृत्व के इस स्पष्ट संदेश से पार्टी कैडर में नया जोश भरने और बिना किसी समझौते के चुनावी मैदान में उतरने का रास्ता साफ हो गया है।

दो दिवसीय दौरे पर चुनावी तैयारियों की समीक्षा
उल्लेखनीय है कि बी.एल. संतोष पंजाब के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर हैं, जहां उनका मकसद संगठन की मजबूती को परखना और नाराज नेताओं को साधना है। सोमवार सुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और सह-प्रभारी नरेंद्र सिंह रैना ने उनका स्वागत किया। अपने इस प्रवास के दौरान वह राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में जोनल बैठकें कर नेताओं और पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति और संगठन की आगामी गतिविधियों की गहन समीक्षा कर रहे हैं।

पटियाला और बठिंडा में मैराथन बैठकों का दौर
दौरे के पहले दिन सोमवार को उन्होंने पटियाला और बठिंडा में सिलसिलेवार अहम बैठकें कीं। पटियाला में हुई बैठक में मोहाली, पटियाला नॉर्थ, पटियाला अर्बन, पटियाला साउथ, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर के पार्टी पदाधिकारी व प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं बठिंडा की जोनल बैठक में बरनाला, मानसा, बठिंडा रूरल, बठिंडा अर्बन, मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और फरीदकोट के नेताओं के साथ संगठन के विस्तार और जमीनी चुनावी तैयारियों पर विस्तृत मंथन किया गया।

BJP to contest all 117 seats in Punjab alone; Organization Secretary BL Santosh makes major announcement