You are currently viewing बहबल कलां गोलीकांड: SIT के सामने 2 घंटे तक सवालों में घिरे रहे सुखबीर बादल, शिअद अध्यक्ष ने उठाए SIT की मंशा पर सवाल

बहबल कलां गोलीकांड: SIT के सामने 2 घंटे तक सवालों में घिरे रहे सुखबीर बादल, शिअद अध्यक्ष ने उठाए SIT की मंशा पर सवाल

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सोमवार को बहबल कलां गोलीकांड मामले में विशेष जांच टीम (SIT) के सामने पेश हुए। पंजाब पुलिस के इंस्टीट्यूट में अधिकारियों ने उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की। इससे पहले 16 जुलाई को भी एसआईटी ने उन्हें समन भेजकर तलब किया था। पूछताछ खत्म होने के बाद बाहर आए सुखबीर बादल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे कानून का पूरा सम्मान करते हैं और जांच एजेंसी के बुलाने पर हमेशा समय से पहुंचे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए एसआईटी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। बादल ने आरोप लगाया कि यह पूरी जांच राजनीति से प्रेरित है और घटना को इतने साल बीत जाने के बाद भी बार-बार पूछताछ के लिए बुलाना सिर्फ एक राजनीतिक संदेश देने की साजिश है।

बारिश में भी डटे रहे समर्थक, छावनी में तब्दील रहा पूरा इलाका

सुखबीर बादल ने पंजाब सरकार पर भी जमकर निशाना साधते हुए स्पष्ट किया कि शिरोमणि अकाली दल किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव या धमकियों से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनता के बीच अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी। जिस वक्त बादल इंस्टीट्यूट के अंदर एसआईटी के सवालों का सामना कर रहे थे, बाहर भारी बारिश के बावजूद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम डटा रहा। समर्थकों ने पार्टी के पक्ष में जमकर नारेबाजी की और वहां बकायदा लंगर भी चलाया गया। इस सियासी गहमागहमी और भीड़ को देखते हुए पुलिस ने परिसर और उसके आसपास के इलाके में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए थे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

CM मान का सीधा हमला- ‘गुरु साहिब की बेअदबी से बच नहीं सकते’

सुखबीर बादल की इस पेशी को लेकर पंजाब की सियासत इसलिए भी ज्यादा गरमाई हुई है क्योंकि हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें लेकर एक बेहद आक्रामक बयान दिया था। सीएम मान ने 15 जुलाई को मुकेरियां की एक जनसभा में सुखबीर बादल पर सीधा हमला बोलते हुए कहा था कि सुखबीर को तो सपने में भी भगवंत मान ही नजर आता होगा। मुख्यमंत्री ने मंच से कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा था, “सुखबीर सिंह, कान खोलकर सुन ले, अब तेरी और तेरे साले की राज करने की नहीं, बल्कि जेल जाने की बारी है। गुरु साहिब की जो बेअदबियां कराई गई हैं, उससे तुम लोग अब किसी भी कीमत पर बच नहीं सकते।”

Behbal Kalan Firing Incident: Sukhbir Badal grilled by SIT for two hours; SAD chief questions SIT’s intentions.