जालंधर: शहर में बेखौफ चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने एक ही दुकान में कुछ ही देर के अंतराल पर दो बार चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। इनकम टैक्स कॉलोनी रोड पर स्थित क्वालिटी स्वीट बेकरी को निशाना बनाते हुए चोरों ने कुल पौने तीन लाख रुपये से ज्यादा की नकदी और जरूरी दस्तावेज पार कर दिए। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सुबह 4:30 बजे तोड़े ताले, आधे घंटे में दोबारा की चोरी
जानकारी के अनुसार, अलसुबह करीब 4:30 बजे दो चोर बाइक पर सवार होकर बेकरी के बाहर पहुंचे। इनमें से एक चोर बाइक पर बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरे ने दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पहली बार में चोर ने तिजोरी में रखे 2 लाख रुपये से अधिक निकाल लिए और दोनों वहां से भाग निकले। हैरानी की बात यह रही कि इसके करीब आधे घंटे बाद वही दोनों चोर दोबारा बेकरी में आए और दूसरी जगह रखे 75 हजार रुपये नकद व कुछ जरूरी कागजात भी चुराकर फरार हो गए।
दुकान खोलने पहुंची लेबर तो हुआ मामले का खुलासा
बेकरी के मालिक अभिशानत ने बताया कि इस पूरी घटना का पता तब चला जब सुबह बेकरी की लेबर काम करने के लिए दुकान पर पहुंची। उन्होंने देखा कि शटर के ताले टूटे हुए हैं। जब अंदर जाकर देखा गया तो गल्ले और तिजोरी से सारी नकदी गायब थी। दुकानदार के मुताबिक, यह पूरी रकम दूध वालों की पेमेंट करने और आगामी त्योहारी सीजन की तैयारियों के लिए दुकान में रखी गई थी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे कैमरे
चोरी की इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही थाना नंबर 6 की एसएचओ (SHO) राजवंत कौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुकान मालिक अभिशानत के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी राजवंत कौर ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द इन शातिर चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।


Bakery in Jalandhar burgled of 2.75 lakh; thieves struck twice in a single night




