You are currently viewing कनाडा में भारतीय मूल के ‘बाबा’ ने किया 7 करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा, पुलिस ने जारी किया वारंट

कनाडा में भारतीय मूल के ‘बाबा’ ने किया 7 करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा, पुलिस ने जारी किया वारंट

टोरंटो: विदेश जाकर लोगों की किस्मत चमकाने और भविष्य संवारने का दावा करने वाले एक भारतीय मूल के शख्स ने कनाडा में ऐसा फर्जीवाड़ा किया है, जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। अध्यात्म, तंत्र-मंत्र और काले जादू के नाम पर लोगों की भावनाओं तथा डर से खेलकर इस कथित ‘बाबा’ ने लाखों डॉलर की ठगी को अंजाम दिया है। इस चौंकाने वाले मामले के सामने आने के बाद अब टोरंटो पुलिस सरगर्मी से इस जालसाज की तलाश कर रही है और उसके खिलाफ पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है।

मौत का डर दिखाकर करता था धन की उगाही

कनाडा पुलिस के अनुसार, 29 साल के गंगाधर बाबू नामक इस आरोपी ने खुद को एक ज्योतिषी, भविष्यवक्ता और आध्यात्मिक गुरु (स्पिरिचुअल हीलर) के रूप में प्रचारित कर रखा था। अप्रैल 2024 से सितंबर 2025 के बीच उसने ‘इंडियन साइकिक एंड स्पिरिचुअल हीलर’ नाम से अपना एक पूरा गोरखधंधा चलाया। वह लोगों के अंधविश्वास का फायदा उठाता था और उन्हें यकीन दिलाता था कि उन पर या उनके परिवार के किसी करीबी सदस्य पर जानलेवा संकट आने वाला है। पीड़ितों को मौत या गंभीर नुकसान का खौफ दिखाकर वह उन्हें अपनी खास आध्यात्मिक सुरक्षा लेने के लिए मजबूर करता था और इसके एवज में भारी-भरकम रकम वसूलता था।

8 लाख डॉलर से ज्यादा का लगाया चूना

पुलिस की विस्तृत जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि इस तथाकथित बाबा ने डरा-धमकाकर और कई तरह के झूठे कर्मकांडों का नाटक रचकर अब तक पीड़ितों से 8,00,000 डॉलर (76,320,000 रुपए) से अधिक की धोखाधड़ी की है। आरोपी अपनी मीठी-मीठी बातों और डरावने दावों से पीड़ितों के दिमाग को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में (मैनिपुलेट) कर लेता था, जिसके बाद वे बिना कोई सवाल किए उसे पैसे सौंपते चले जाते थे। टोरंटो पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि गंगाधर बाबू के खिलाफ 5,000 डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी, अपराध से प्राप्त संपत्ति रखने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे कई गंभीर आरोपों में देशव्यापी वारंट जारी किया गया है।

हुलिया जारी कर पुलिस ने आम जनता से मांगी मदद

आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे धकेलने के लिए टोरंटो पुलिस ने उसकी एक तस्वीर जारी की है और आम जनता से उसे पकड़वाने में मदद की अपील की है। पुलिस द्वारा जारी किए गए हुलिए के अनुसार, गंगाधर की लंबाई करीब 5 फीट 6 इंच और शरीर छरहरा है। उसके बाल घुंघराले और काले हैं, आंखें गहरी भूरी हैं और उसने हल्की दाढ़ी रखी हुई है। उसकी एक बड़ी पहचान यह बताई गई है कि उसके सामने के दांतों के बीच में काफी गैप है। जांचकर्ताओं को शक है कि इस जालसाज के झांसे में आने वाले लोगों की संख्या और भी अधिक हो सकती है, इसलिए उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति इस ‘बाबा’ की ठगी का शिकार हुआ है, तो वह बेझिझक आगे आकर पुलिस से संपर्क करे।

‘Baba’ of Indian origin commits ₹7 crore fraud in Canada; police issue warrant.