You are currently viewing पंजाब में फिर बेअदबी, गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप पर लिखी गंदी बातें; संगत में भारी आक्रोश

पंजाब में फिर बेअदबी, गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप पर लिखी गंदी बातें; संगत में भारी आक्रोश

मानसा: मानसा जिले से भावनाओं को आहत करने वाली घटना सामने आई है। जिले के गांव बीरेवाला जट्टां स्थित गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद इलाके में भारी तनाव और संगत में गहरा रोष फैल गया है। गुरुद्वारे में विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप के कुछ अंगों पर बेहद आपत्तिजनक और गंदी बातें लिखी हुई पाई गई हैं। इस घटना का खुलासा होते ही बड़ी संख्या में लोग गुरुद्वारे में इकट्ठा हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इस संवेदनशील मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रंथी गुरविंदर सिंह ने किया चौंकाने वाला खुलासा

इस पूरी घटना की जानकारी गुरुद्वारे के नवनियुक्त ग्रंथी गुरविंदर सिंह ने संगत को दी। उन्होंने बताया कि जब वह आज श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप का निरीक्षण कर रहे थे, तो उनकी नजर पावन अंगों पर लिखी गई आपत्तिजनक और भद्दी गालियों पर पड़ी। खुद पर किसी तरह का संदेह न आए और पूरी पारदर्शिता बनी रहे, इसलिए उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों और संगत के सामने रख दी।

कई महीने पुरानी है घटना, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं!

इस मामले में सबसे बड़ी और हैरान करने वाली बात यह निकलकर सामने आई है कि यह घटना नई नहीं है। ग्रंथी गुरविंदर सिंह के मुताबिक, उनकी नियुक्ति करीब दो महीने पहले ही हुई थी। उस वक्त ही उन्हें बता दिया गया था कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटना कई महीने पहले हो चुकी है और इसकी बाकायदा शिकायत शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को भी भेजी जा चुकी है। ग्रंथी ने यह कड़ा सवाल उठाया है कि जब एसजीपीसी को इस गंभीर मामले की जानकारी दे दी गई थी, तो इतने महीनों तक इस पर कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया।

सरपंच ने की सख्त सजा की मांग, पुलिस मुस्तैद

गांव के सरपंच रिक्की सिंह ने बताया कि उन्हें इस पूरी घटना और एसजीपीसी को दी गई पिछली शिकायत के बारे में आज ही जानकारी मिली है। गुरुद्वारा कमेटी ने उन्हें बताया कि आज इस बेहद संवेदनशील मसले पर एक अहम बैठक भी बुलाई गई है। सरपंच ने प्रशासन से अपील की है कि बेअदबी करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। दूसरी तरफ, मामले की नजाकत को देखते हुए थाना जौड़कियां के प्रभारी बलवीर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ गुरुद्वारे पहुंच गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों की तलाश जारी है।

Another act of sacrilege in Punjab: Obscene remarks written on the Guru Granth Sahib in a gurdwara