चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों के लिए चिलचिलाती गर्मी से बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिसके चलते आसमान में बादल छा गए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। इस सुखद बदलाव के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जो कि सामान्य तापमान से 2.3 डिग्री कम है। हालांकि, इस दौरान बठिंडा का तापमान सबसे ज्यादा 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज इन 12 जिलों में झमाझम बारिश और तूफान का अलर्ट
चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आज अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तूफानी हवाओं का अलर्ट भी दिया गया है। वहीं, चंडीगढ़ के निवासियों को फिलहाल बारिश का इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि वहां आज मौसम साफ रहने का अनुमान है।
अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही सुहावना बना रहेगा मिजाज
पंजाब और इसके पड़ोसी राज्य हरियाणा के लोगों को आने वाले दिनों में भी भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दोनों ही राज्यों में मौसम बेहद सुहावना बने रहने की उम्मीद है। आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का दौर जारी रहेगा। मौसम में आए इस बदलाव से आम जनजीवन को काफी सुकून मिला है।


Alert issued for heavy rain and storms in these 12 districts of Punjab




