चंडीगढ़: भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू-राजेवाल) के प्रदर्शन के चलते सोमवार को शहरवासियों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय प्रशासन ने किसानों को 13 जुलाई को प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी है। प्रदर्शनकारी किसानों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए यूटी पुलिस ने शहर के कई मुख्य मार्गों पर यातायात पाबंदियां लागू कर दी हैं। यह पाबंदियां सोमवार सुबह 10.30 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक प्रभावी रहेंगी।
इन रास्तों पर भूलकर भी न जाएं
यातायात एडवाइजरी के अनुसार, सेक्टर 51/52 लाइट पॉइंट से आईएसबीटी सेक्टर 43 चौक तक का रास्ता पूरी तरह प्रभावित रहेगा। इसके साथ ही हिमालयन मार्ग पर अरोमा लाइट पॉइंट सहित सेक्टर 34-35/43-44 जंक्शन (साउथ एंड चौक) से सेक्टर 21-22/34-35 जंक्शन (पिकाडली चौक) तक आवाजाही बाधित रहेगी। वहीं, दक्षिण मार्ग पर पिकाडली चौक से लेकर किसान भवन चौक होते हुए सेक्टर 20/21-33/34 जंक्शन और सेक्टर 20/30-32/33 जंक्शन तक की सड़क पर भी कड़े प्रतिबंध लागू रहेंगे।
मोहाली बैरियर की तरफ भी मिलेगी रुकावट
शहर के अन्य हिस्सों में भी ट्रैफिक की रफ्तार थमी रहेगी। सेक्टर 20/21-33/34 जंक्शन से सेक्टर 33/34-44/45 जंक्शन और सेक्टर 44/45-50/51 जंक्शन (गौशाला चौक) के रास्ते सरोवर पथ पर मोहाली बैरियर तक का रूट भी प्रभावित रहेगा। इस दौरान सेक्टर 20/21 लाइट पॉइंट और सेक्टर 45-46/49-50 जंक्शन के पास से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी जाम का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने लोगों से इन रास्तों से बचने की अपील की है।
स्कूलों की टाइमिंग में किया गया बड़ा बदलाव
शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित होने के कारण कुछ स्कूलों ने छात्रों की सुविधा को देखते हुए अपने समय में बदलाव किया है। सेंट स्टीफंस स्कूल के आसपास के इलाकों में लगने वाले भारी जाम और ट्रैफिक डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए, स्कूल प्रशासन ने आज बच्चों को परेशानी से बचाने के लिए दोपहर 12:00 बजे ही स्कूल बंद करने का फैसला लिया है।










