You are currently viewing BJP के साथ जल्दी होने जा रहा अकालीदल का गठजोड़! हरसिमरत कौर बादल और बिक्रमजीत मजीठिया ने दे दिए संकेत, पंजाब की राजनीतिक गलियारों में मची हलचल

BJP के साथ जल्दी होने जा रहा अकालीदल का गठजोड़! हरसिमरत कौर बादल और बिक्रमजीत मजीठिया ने दे दिए संकेत, पंजाब की राजनीतिक गलियारों में मची हलचल

चंडीगढ़/संगरूर: पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच एक बार फिर से गठबंधन होने के स्पष्ट संकेत मिलने लगे हैं। संगरूर के लौंगोवाल में सांसद बीबी हरसिमरत कौर बादल के बाद अब अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी गठबंधन की संभावनाओं को हवा दे दी है। मजीठिया ने साफ तौर पर कहा है कि पंजाब की मौजूदा बदतर स्थिति को देखते हुए अब ‘गाड़ी के गियर बदलने का समय आ गया है।’ इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और कांग्रेस पर भी तीखा सियासी हमला बोला।

मजीठिया ने की हरसिमरत के बयान की पुष्टि, याद दिलाई हिंदू-सिख एकता
बिक्रम सिंह मजीठिया ने हरसिमरत कौर बादल के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन लोगों की मांग है। उन्होंने कहा, जब अटल बिहारी वाजपेयी और प्रकाश सिंह बादल एक साथ आए थे, तो यह सिर्फ दो पार्टियों का गठबंधन नहीं था, बल्कि यह पंजाब में ‘सोशल इंजीनियरिंग’, हिंदू-सिख एकता, भाईचारे और एक बॉर्डर स्टेट की राष्ट्रीय सुरक्षा का प्रतीक था।

कृषि कानूनों के कारण टूटे गठबंधन पर मजीठिया ने कहा कि उस समय मतभेद थे, लेकिन अब केंद्र सरकार ने वे कानून वापस ले लिए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुखबीर सिंह बादल के बीच मुलाकातों और प्रकाश सिंह बादल के निधन पर पीएम द्वारा लिखे गए व्यक्तिगत शोक संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच रिश्ते हमेशा रहे हैं। हालांकि गठबंधन का अंतिम फैसला दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व करेगा, लेकिन मजीठिया ने जोर देकर कहा कि पंजाब के भले के लिए अब सकारात्मक बदलाव (गियर बदलना) जरूरी है।

हरसिमरत बादल ने लौंगोवाल में क्या कहा था?
इससे पहले लौंगोवाल में एक भारी जनसभा को संबोधित करते हुए बीबी हरसिमरत कौर बादल ने कहा था, “गुरु साहिब हम पर कृपा करें ताकि ऐसे सकारात्मक समझौते हो सकें, जिनसे राज्य का भला हो।” उन्होंने याद दिलाया कि कैसे पिछली अकाली-भाजपा सरकार के समय केंद्र के सहयोग से पंजाब में विकास और शांति का माहौल था। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन का मकसद सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि पंजाब को मौजूदा आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों से बाहर निकालना होना चाहिए।

Akali Dal set to ally with BJP soon! Harsimrat Kaur Badal and Bikramjit Majithia