You are currently viewing अकाल तख्त ने CM भगवंत मान को घोषित किया ‘पंथ और गुरु विरोधी’, सिख समाज से किया बहिष्कार का ऐलान

अकाल तख्त ने CM भगवंत मान को घोषित किया ‘पंथ और गुरु विरोधी’, सिख समाज से किया बहिष्कार का ऐलान

CM मान का सिख गुरुओं की तस्वीर पर शराब के छींटे मारने का वीडियो 2 फोरेंसिक लैब में जांच के बाद पाया गया ओरिजनल

अमृतसर: सिख कौम की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब ने एक सख्त फैसला सुनाया है, जिसने पंजाब की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है। सोमवार को अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने गोल्डन टेंपल परिसर स्थित सचिवालय की प्राचीर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को ‘पंथ विरोधी’ और ‘गुरु विरोधी’ घोषित कर दिया है। यह बड़ा फैसला मुख्यमंत्री की एक कथित शराब वाली वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद लिया गया है, जिसमें वह सिख गुरुओं की तस्वीर पर शराब के छींटे मारते नजर आ रहे थे।। इस फैसले के बाद राज्य का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है।

वायरल वीडियो की 2 फॉरेंसिक रिपोर्ट ने बढ़ाई CM की मुश्किलें

जत्थेदार गड़गज ने सिख संगत को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो की देश की दो अलग अलग 2 फॉरेंसिक लैब से जांच रिपोर्ट आ चुकी है। इस रिपोर्ट के आधार पर ही सिख समुदाय ने सख्त कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पांचों तख्तों के सिंह साहिबानों ने एक अहम बैठक की। इसी बैठक में लंबी चर्चा के बाद सीएम मान को गुरु और खालसा पंथ का विरोधी करार देने का अंतिम फैसला लिया गया। जत्थेदार ने पूरे खालसा पंथ और गुरु नामलेवा संगत से कड़े शब्दों में अपील की है कि वे अब मुख्यमंत्री भगवंत मान का पूरी तरह से बहिष्कार करें और उन्हें मुंह न लगाएं।

देखें VIDEO-

सिख विधायकों पर भी गिरी गाज, 29 जून को अकाल तख्त पर तलब

अकाल तख्त साहिब की सख्ती केवल मुख्यमंत्री तक ही सीमित नहीं रही है। अकाल तख्त ने पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के उन सभी सिख विधायकों को 29 जून को तलब किया गया है, जिन्होंने मान सरकार के उस बेअदबी कानून पर हस्ताक्षर किए थे। गौरतलब है कि अकाल तख्त साहिब पहले ही इस कानून को पूरी तरह से गलत ठहरा चुका है, जिसके बावजूद विधायकों का इस पर साइन करना अब उनके लिए बड़ी धार्मिक और राजनीतिक मुसीबत बन गया है।

आम आदमी पार्टी का पलटवार, बचाव में दी ये दलील

अकाल तख्त के इस सख्त और बड़े फैसले के तुरंत बाद आम आदमी पार्टी भी बचाव की मुद्रा में आ गई है। पंजाब में AAP के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने पार्टी का पक्ष रखते हुए एक बयान जारी किया है। पन्नू ने दलील दी है कि अगर एक पल के लिए यह मान भी लिया जाए कि वह वायरल वीडियो पूरी तरह सही है, फिर भी इससे यह साबित नहीं होता कि उस वीडियो में दिख रहा शख्स वास्तव में कौन है। आपको बता दें कि इससे पहले खुद सीएम मान को भी इसी मुद्दे पर अकाल तख्त साहिब में तलब किया गया था, जहां उन्होंने पेश होकर अपनी सफाई दी थी। उसी के बाद अकाल तख्त ने लैब से जांच का यह फैसला लिया था, जिसकी रिपोर्ट ने अब पंजाब की सियासत में एक नया तूफान खड़ा कर दिया है।

Akal Takht declares CM Bhagwant Mann ‘anti-Panth and anti-Guru’; announces his boycott by the Sikh community