नई दिल्लीः असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद भारतीय वायुसेना का विमान एएन-32 लापता हो गया। इसमें 13 लोग सवार थे। सूत्रों के अनुसार, विमान ने सोमवार को जोरहाट से दोपहर 12.25 बजे मेंचुका एडवांस लैंडिंग ग्राउंड के लिए उड़ान भरी और इसने जमीनी नियंत्रण से दोपहर 1 बजे संपर्क खो दिया। विमान में आठ क्रू व पांच यात्री सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार वायुसेना विमान की स्थिति का पता लगाने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग कर रही है।
इससे पहले 2016 में चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जा रहा एएन-32 विमान लापता हो गया था। उस समय विमान में भारतीय वायुसेना के 12 जवान, 6 क्रू-मेंबर, 1 नौसैनिक, 1 सेना का जवान और एक ही परिवार के 8 सदस्य मौजूद थे। इसकी तलाश में एक पनडुब्बी, आठ विमान और 13 पोत लगाए गए थे। तब इस विमान का लापता होना एक गुत्थी बन गया था। अह तक इसका ना मलबा मिला और ना ही यात्री।
एएन-32 विमान की खासियत
एएन-32 का पूरा नाम एंटोनोव-32 है। इस मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट में दो इंजन लगे होते हैं। इसमें अधिकतम 50 लोग सवार हो सकते हैं। यह विमान 55°C से भी अधिक के तापमान में ‘टेक ऑफ’ कर सकता है और 14, 800 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरने में सक्षम है। इस विमान में पायलट, को-पायलट, गनर, नेविगेटर और इंजीनियर सहित 5 क्रू-मेंबर होते हैं।