तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक मैरिज पैलेस में आयोजित विवाह समारोह के दौरान अज्ञात हमलावरों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के मौजूदा सरपंच की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव ठट्ठियां महंतां के सरपंच हरबरिंदर सिंह के रूप में हुई है। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और शादी की खुशियां चंद पलों में ही मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरपंच हरबरिंदर सिंह तरनतारन के सिद्धू फार्म में एक शादी समारोह में शिरकत करने के लिए आए हुए थे। इसी दौरान वहां तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाश घुस आए और उन्होंने सरपंच पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस जानलेवा हमले में सरपंच के पास ही बैठे उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह को भी गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को बचाने और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैलाने के लिए हमलावरों में से एक ने खतरनाक एके-47 (AK-47) राइफल से भी फायरिंग की। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।

AAP Sarpanch murdered in public during a wedding ceremony in Punjab, his cousin also injured




