You are currently viewing पंजाब के शिक्षकों के लिए बड़ा मौका, सरकार ने शुरू की इस सम्मान की प्रक्रिया, 3 अगस्त से पहले ऐसे होगा नामांकन

पंजाब के शिक्षकों के लिए बड़ा मौका, सरकार ने शुरू की इस सम्मान की प्रक्रिया, 3 अगस्त से पहले ऐसे होगा नामांकन

लुधियाना: पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अध्यापकों और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्कूल शिक्षा विभाग (सेकेंडरी) ने राज्य के शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए स्टेट टीचर अवार्ड, यंग टीचर अवार्ड, एडमिनिस्ट्रेटिव अवार्ड और स्पेशल टीचर अवार्ड के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के निर्देशानुसार, सभी योग्य उम्मीदवार 3 अगस्त तक आधिकारिक वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन नॉमिनेशन दाखिल कर सकते हैं।

खुद नहीं कर सकेंगे आवेदन, 250 शब्दों में लिखनी होगी हैंडराइटिंग रिपोर्ट

नई सरकारी गाइडलाइंस के मुताबिक इस बार किसी भी अध्यापक, स्कूल प्रमुख या प्रबंधक को खुद अपने लिए आवेदन करने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी शिक्षक या स्कूल प्रमुख का नॉमिनेशन केवल कोई दूसरा अध्यापक, स्कूल प्रमुख या इंचार्ज ही कर सकता है। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर, डायरेक्टर जनरल स्कूल शिक्षा और शिक्षा सचिव भी किसी भी योग्य अध्यापक का नाम नॉमिनेट कर सकेंगे। नामांकन करने वाले व्यक्ति को कम से कम 250 शब्दों में हाथ से लिखी हुई (हैंडरिटन) रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी, जिसमें स्पष्ट रूप से बताना होगा कि संबंधित व्यक्ति को इस पुरस्कार के लिए क्यों चुना जा रहा है।

अलग-अलग पुरस्कारों के लिए तय की गईं सख्त योग्यताएं

शिक्षा विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के लिए स्पष्ट योग्यता शर्तें निर्धारित की हैं। स्टेट टीचर अवार्ड के लिए वे सभी स्कूल प्रमुख, इंचार्ज, प्रबंधक और अध्यापक पात्र होंगे, जिनकी रेगुलर सर्विस आवेदन की तिथि तक कम से कम 10 साल पूरी हो चुकी है। इसमें समग्र शिक्षा और पिक्टस के तहत काम करने वाले 10 साल का अनुभव रखने वाले शिक्षक भी शामिल हैं। वहीं, 3 साल से अधिक और 10 साल से कम रेगुलर सर्विस वाले तथा प्रोबेशन पूरा कर चुके शिक्षकों को यंग टीचर अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया जा सकता है। एडमिनिस्ट्रेटिव अवार्ड के लिए मुख्य दफ्तर के शिक्षा अधिकारी, जिला व उप-जिला शिक्षा अधिकारी, डाइट प्रिंसिपल और बीपीईओ पात्र होंगे, जिन्होंने अपने पद पर कम से कम एक साल काम किया हो। इसके अलावा 7 अक्तूबर 2022 की पॉलिसी के तहत शामिल किए गए अध्यापकों के लिए स्पेशल टीचर अवार्ड तय किया गया है।

एमआईएस विंग करेगी स्क्रूटनी, गंभीर मामले लंबित होने पर नहीं मिलेगा मौका

प्राप्त सभी नामांकनों की एमआईएस विंग द्वारा पहले स्क्रूटनी की जाएगी, जिसके बाद जिला स्तर पर डीईओ की अध्यक्षता वाली कमेटी फिजिकल वेरिफिकेशन और रिकॉर्ड की जांच करेगी। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन अधिकारियों या अध्यापकों पर कोई विभागीय जांच, चार्जशीट या अन्य गंभीर मामले लंबित होंगे, वे इस पुरस्कार के लिए योग्य नहीं माने जाएंगे।

5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर होगा सम्मान, सेवा में मिलेगा एक साल का एक्सटेंशन

शॉर्टलिस्ट किए गए शिक्षकों और अधिकारियों को अंतिम चयन से पहले राज्य स्तरीय कमेटी के सामने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन देनी होगी। अंतिम रूप से चयनित अध्यापकों को 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। स्टेट टीचर अवार्ड विजेताओं को सर्विस में एक साल का एक्सटेंशन दिया जाएगा, जबकि अन्य सभी श्रेणियों के विजेताओं को मेडल, शॉल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा।

A major opportunity for Punjab teachers: the government has initiated the process for this award