कैलिफोर्निया: अमेरिका के बोस्टन में एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां हैदराबाद के रहने वाले 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर मणि चंद्र तेजा गद्दाम की स्काईडाइविंग के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। मणि बोस्टन स्थित फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, उन्हें कुछ ही दिन पहले पैराशूटिंग का लाइसेंस मिला था। वे अपनी खुशी और इस रोमांचक शौक को पूरा करने के लिए आसमान में उड़े थे, लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी उड़ान साबित होगी।
तेज हवा के झोंके ने बिगाड़ा संतुलन, सीधे 30 फीट की ऊंचाई से गिरे
यह खौफनाक हादसा मैसाचुसेट्स के ऑरेंज स्थित जम्पटाउन स्काईडाइविंग में शाम करीब 4 बजे के आसपास हुआ। अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मणि बिल्कुल सुरक्षित तरीके से नीचे उतर रहे थे और सब कुछ सामान्य था। लेकिन लैंडिंग से ठीक पहले अचानक आई तेज हवा ने उनके पैराशूट का संतुलन पूरी तरह बिगाड़ दिया। हवा का झोंका इतना भयानक था कि उनका पैराशूट क्षतिग्रस्त हो गया और वे सीधे 30 फीट की ऊंचाई से जमीन पर आ गिरे। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें तुरंत एथोल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सपने रह गए अधूरे
जवान बेटे की अचानक हुई इस मौत से मणि का पूरा परिवार गहरे सदमे में है और उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि इस हृदय विदारक घटना ने उन्हें भावनात्मक और आर्थिक, दोनों तरह से पूरी तरह तबाह कर दिया है। मणि ने अपना शानदार करियर संवारने और अमेरिका तक पहुंचने के लिए जीवन में कड़ा संघर्ष किया था, लेकिन कुदरत को शायद कुछ और ही मंजूर था। इस मुश्किल घड़ी में मणि की कंपनी फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स ने भी एक आधिकारिक बयान जारी कर गद्दाम के परिवार, दोस्तों और करीबियों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।


A hobby claimed the life of a 28-year-old Indian engineer in the US; he fell 30 feet from the sky




