You are currently viewing पंजाब में कल से शुरू होगा घर-घर वोटर वेरिफिकेशन अभियान, 24 हजार से ज्यादा BLO 2.14 करोड़ मतदाताओं का करेंगे सत्यापन

पंजाब में कल से शुरू होगा घर-घर वोटर वेरिफिकेशन अभियान, 24 हजार से ज्यादा BLO 2.14 करोड़ मतदाताओं का करेंगे सत्यापन

चंडीगढ़: पंजाब में मतदाता सूची को पूरी तरह से पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए 25 जून से राज्यव्यापी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत होने जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग के कड़े निर्देशों के तहत शुरू होने वाले इस अभियान में राज्य के 24,453 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। एक महीने तक चलने वाला यह महत्वपूर्ण अभियान 24 जुलाई को खत्म होगा, जिसके बाद आपत्तियों के निपटारे के साथ 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

2.14 करोड़ वोटर्स का डेटा होगा अपडेट, 3 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट

पंजाब की नवनियुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बुधवार को पंजाब भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए इस अभियान का पूरा ब्लूप्रिंट साझा किया। उन्होंने बताया कि अगले एक महीने तक सभी 24,453 BLO घर-घर जाकर फॉर्म बांटेंगे, उनका सत्यापन करेंगे और उन्हें वापस कलेक्ट करेंगे। इस व्यापक प्रक्रिया के दौरान राज्य के कुल 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं का डेटा पूरी तरह से अपडेट किया जाएगा। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रेशनलाइजेशन) का काम भी 24 जुलाई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। अभियान खत्म होने के बाद 3 अगस्त को ड्राफ्ट (प्रारूप) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद लोग 2 सितंबर तक नाम जोड़ने, हटाने या कोई सुधार करने के लिए अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इन सभी आपत्तियों का 28 सितंबर तक निपटारा कर 1 अक्टूबर को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी।

86% वोटर्स की मैपिंग पूरी, बंद मकानों पर लगेगा खास ‘स्टीकर’

मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि राज्य में अब तक 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। जिन मतदाताओं की मैपिंग किसी वजह से अब तक नहीं हो पाई है, उनकी पूरी सूची पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सभी राजनीतिक दलों को सौंप दी गई है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।

कैसे होगी मैपिंग और सत्यापन की प्रक्रिया?

अगर किसी वोटर की अपनी मैपिंग हुई है, तो फॉर्म में उसका अलग कॉलम होगा। वहीं, अगर मैपिंग माता-पिता या दादा-दादी के आधार पर हुई है, तो उसके लिए एक अलग कॉलम बनाया गया है।

फॉर्म भरते समय मतदाता को यह लिखित घोषणा करनी होगी कि उसने भारत के अलावा किसी अन्य देश की नागरिकता नहीं ली है और उसका नाम किसी अन्य जगह की वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है।

अगर सत्यापन के दौरान कोई व्यक्ति घर पर नहीं मिलता है या मकान पर ताला लगा हुआ है, तो BLO वहां एक फॉर्म छोड़ेंगे और दरवाजे पर एक स्टीकर चस्पा करेंगे। इस स्टीकर पर स्पष्ट लिखा होगा कि “BLO सत्यापन के लिए आए थे, लेकिन आप नहीं मिले।” इसके साथ ही स्टीकर पर बीएलओ के दोबारा और तीसरी बार आने की संभावित तारीख भी दर्ज होगी, ताकि मतदाता समय पर अपना फॉर्म भरकर जमा कर सके।

A door-to-door voter verification drive will begin in Punjab tomorrow