ओटावा: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या समेत भारत के कई संगीन मामलों में वांटेड चल रहे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब कनाडा ने भी उस पर नकेल कसते हुए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.62 करोड़ रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित किया है। यह इनाम उसे पकड़वाने में मदद करने या उसके ठिकाने की पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को दिया जाएगा। भारत से फरार होकर विदेश में छिपे गोल्डी बराड़ को कनाडा ने अपने मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में भी सबसे ऊपर रखा है। कनाडा के बीओएलओ (BOLO) प्रोग्राम ने गुरुवार को इस इनाम का आधिकारिक ऐलान किया, जो पुलिस के साथ मिलकर फरार अपराधियों को पकड़ने में मदद करता है। खास बात यह है कि यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) पहले ही गोल्डी को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर चुकी है।
सुखदूल सिंह गिल हत्याकांड में कनाडा पुलिस को है तलाश
कनाडा की विनिपेग पुलिस को सुखदूल सिंह गिल की सनसनीखेज हत्या के मामले में गोल्डी बराड़ उर्फ सतिंदरजीत सिंह की सरगर्मी से तलाश है। गौरतलब है कि 20 सितंबर 2023 को हैजेल्टन ड्राइव के 200 ब्लॉक में स्थित एक घर के भीतर सुखदूल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच के दौरान 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। दोनों आरोपियों पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कनाडाई कानून के तहत फर्स्ट डिग्री मर्डर का आरोप बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई हत्या के मामलों में लगाया जाता है।
FBI भी घोषित कर चुकी है 9.32 करोड़ रुपये की राशि
बीओएलओ प्रोग्राम ने आम लोगों से अपील की है कि वे गोल्डी बराड़ के बारे में कोई भी भरोसेमंद जानकारी सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा करें। ऐसी कोई भी सूचना, जिसकी मदद से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसे गिरफ्तार करने में सफल होंगी, उस जानकारी देने वाले व्यक्ति को यह इनामी राशि प्रदान की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह इनाम 2 नवंबर 2027 तक प्रभावी रहेगा। दूसरी ओर, अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) भी गोल्डी बराड़ पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 9.32 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है। एफबीआई ने बीते 28 सितंबर को उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल करते हुए कहा था कि गोल्डी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में मददगार सूचना देने वाले को यह बड़ी रकम दी जाएगी।




Canada has now tightened the screws on Goldy Brar, placing him at the top of its ‘most wanted’ list




