जालंधर: शहर के बूटा मंडी इलाके में गुरुवार को उस वक्त तनावपूर्ण हालात बन गए, जब दलित समाज और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर रविदास चौक पर धरना शुरू कर दिया। यह आक्रोश एक स्थानीय कारोबारी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रविंद्र चौधरी के बेटे के साथ हुई कथित अभद्रता और जान से मारने की धमकी के विरोध में फूटा है। घटना से गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने रविदास चौक के दोनों तरफ की सड़कें पूरी तरह जाम कर दी हैं, जिसके चलते इलाके में यातायात व्यवस्था ठप हो गई है और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
बैंक कॉलोनी शू मार्केट में रास्ता रोककर जातिसूचक गालियां और पिस्तौल दिखाने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत बैंक कॉलोनी शू मार्केट के पास हुई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि फुटवियर का काम करने वाले वरुण महाजन उर्फ बिट्टू महाजन नामक व्यक्ति ने रविंद्र चौधरी के बेटे का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान वरुण महाजन ने न केवल उन्हें जातिसूचक गालियां दीं, बल्कि पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, थाने के सीसीटीवी खंगालने की मांग
पीड़ित परिवार ने बताया कि दिवाली के त्योहार के कारण उन्होंने उस दिन मामले को आगे नहीं बढ़ाया, लेकिन दो दिन बाद पुलिस में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। परिवार का आरोप है कि इस गंभीर शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और लगातार टालमटोल करती रही। प्रदर्शनकारियों और समाज के नेताओं ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जब आरोपी को थाने बुलाया गया, तो उसने एसएचओ और पार्षदों के सामने भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकियां दीं। लोगों का कहना है कि यदि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए, तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
SC/ST एक्ट के तहत FIR और हथियार लाइसेंस रद्द करने की मांग, जालंधर बंद की चेतावनी
धरने पर बैठे लोगों और वकीलों ने प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट मांग रखी है कि आरोपी के खिलाफ तुरंत एससी/एसटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत एफआईआर दर्ज की जाए और उसके हथियार का लाइसेंस रद्द किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने दो-टूक कहा है कि जब तक आरोपी पर पर्चा दर्ज नहीं होता, यह धरना अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा और मांगें पूरी न होने पर आने वाले दिनों में पूरे जालंधर को बंद किया जाएगा।




In Jalandhar, the son of a Gurdwara president was threatened with death at gunpoint; the Dalit community




