You are currently viewing पंजाबी ट्रक ड्राइवर को अमेरिका में 9 साल की जेल, बाद में होगा डिपोर्ट; इस मामले में कोर्ट ने सुनाई सजा

पंजाबी ट्रक ड्राइवर को अमेरिका में 9 साल की जेल, बाद में होगा डिपोर्ट; इस मामले में कोर्ट ने सुनाई सजा

वाशिंगटन: अमेरिका की अदालत में बेहद गोपनीय तरीके से चली सुनवाई के बाद कनाडा के ओंटारियो में रहने वाले भारतीय मूल के एक ट्रक ड्राइवर को 9 साल कैद की सख्त सजा सुनाई गई है। यह पूरा मामला सामान्य ड्रग तस्करी का नहीं, बल्कि 2002 शीतकालीन ओलंपिक में कनाडा का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व स्नोबोर्डर रियान वेडिंग के कुख्यात अंतरराष्ट्रीय नारको-कार्टेल से जुड़ा हुआ है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने रियान वेडिंग को ‘आज के दौर का पाब्लो एस्कोबार’ करार दिया है, जो कोलंबिया, मैक्सिको और अमेरिका के जरिए कनाडा में कोकीन का विशाल नेटवर्क चला रहा था।

ट्रक के गुप्त चैंबर में छुपा रखी थी 33 करोड़ की कोकीन
ब्रैम्टन के रहने वाले 58 वर्षीय इकबाल सिंह विर्क ने लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अपना गुनाह कबूल कर लिया। विर्क ने स्वीकार किया कि वह ओंटारियो से कैलिफोर्निया तक अपने बड़े ट्रक के जरिए कोकीन की भारी खेप पहुंचाने का काम करता था। 28 अगस्त 2024 को जब विर्क और उसका साथी रणजीत सिंह रोवाल मिशिगन को जोड़ने वाले ब्लू वॉटर ब्रिज के पास अमेरिकी कस्टम पोस्ट पहुंचे, तो एफबीआई ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। एफबीआई ने पहले से ही इस गिरोह में अपने अंडरकवर एजेंट्स घुसा रखे थे। तलाशी के दौरान ट्रक के एक खुफिया चैंबर से 124 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 4 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 33 करोड़ रुपये) आंकी गई है।

गवाह की हत्या के बाद कोर्ट ने सील किए दस्तावेज
इस मामले की संवेदनशीलता और खतरे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिकी जज शेरिलिन पीस गार्नेट ने अदालती दस्तावेजों पर बेहद सख्त प्राइवेसी ऑर्डर लागू कर दिया था। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि अमेरिकी एजेंसियों का सहयोग कर रहे कार्टेल के एक अहम मुख्य गवाह की पहले ही बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। गिरोह का मुख्य सरगना पूर्व ओलंपियन रियान वेडिंग इसी साल जनवरी में मैक्सिको से गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल अमेरिकी जेल में सलाखों के पीछे है।

सजा काटने के बाद अमेरिका से सीधे भारत डिपोर्ट होगा विर्क
दोषी इकबाल सिंह विर्क को इस संगीन अपराध में उम्रकैद तक की सजा हो सकती थी, लेकिन अदालत में अपना जुर्म कबूल करने के बाद जज ने उसे 9 साल (108 महीने) की कैद की सजा सुनाई। वहीं, उसके साथी रणजीत सिंह रोवाल को 37 महीने जेल की सजा मिली है। दोनों दोषी भारतीय नागरिक हैं और कनाडा के स्थायी निवासी (PR) हैं। अमेरिकी संघीय नियमों के मुताबिक, अपनी 9 साल की सजा पूरी होते ही इकबाल सिंह विर्क को अमेरिका से सीधे भारत डिपोर्ट कर दिया जाएगा।

Punjabi truck driver sentenced to 9 years in prison in the US, to be deported later