सरी: कनाडा में बसे पंजाबियों सहित समूचे भारतीय समुदाय के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अब दिवंगत परिजनों की अस्थियां विसर्जित करने के लिए लोगों को भारत जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। ब्रिटिश कोलंबिया के सरी नगर प्रशासन ने भारतीय परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करते हुए फ्रेजर नदी के किनारे विशेष रूप से अस्थि विसर्जन घाट और रैंप का निर्माण किया है।
20.5 करोड़ के बजट से सरी पब्लिक वार्फ पर बना घाट
यह आधिकारिक विसर्जन स्थल सरी पब्लिक वार्फ (सार्वजनिक घाट) पर तैयार किया गया है, जहां श्रद्धालु नदी के बहते जल में गरिमापूर्ण तरीके से अस्थियां प्रवाहित कर सकेंगे। सरी की मेयर ब्रेंडा लोक ने इसे एक संवेदनशील और मानवीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे परिवारों को अपने प्रियजनों को शांतिपूर्वक अंतिम विदाई देने की सुविधा मिलेगी। इस पूरे प्रोजेक्ट को लगभग 2.5 मिलियन डॉलर (करीब 20.5 करोड़ रुपये) की लागत से तैयार किया गया है। फिलहाल इसे एक साल के पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जा रहा है, जिसे भविष्य में और विस्तार दिया जाएगा।
21 सितंबर से शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग, 237 डॉलर फीस
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए परिवारों को पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा। सरी नगर निगम 21 सितंबर से बुकिंग आवेदन स्वीकार करना शुरू करेगा। एक विसर्जन समारोह के लिए 237 कनाडाई डॉलर (लगभग 14,500 भारतीय रुपये) की फीस तय की गई है। इस शुल्क में साइट का रख-रखाव, बुकिंग प्रबंधन और मौके पर सिटी प्रशासन के स्टाफ की निगरानी शामिल रहेगी।
एक समय में एक ही परिवार को अनुमति, साथ रहेगा प्रशासन का कर्मचारी
धार्मिक रस्म के दौरान परिवारों की निजता और शांति बनाए रखने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं। एक समय में केवल एक ही परिवार को घाट पर जाने की अनुमति होगी, ताकि पार्क में आने वाले आम लोगों को भी कोई असुविधा न हो। इसके अलावा रस्म के दौरान नगर निगम का एक अधिकृत प्रतिनिधि हर समय परिवार के साथ मौजूद रहेगा और नियमों का पालन सुनिश्चित कराएगा। हालांकि, मौसम खराब होने, तेज ज्वार या जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन सुरक्षा कारणों से बुकिंग को रद्द या रीशेड्यूल भी कर सकता है।


Major relief for Indians living in Canada: they can now immerse ashes in Surrey itself




