You are currently viewing अमेरिका में पंजाबी सिख ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, रेस्ट एरिया के बाथरूम में चाकुओं से गोदा, शरीर पर आए 17 घाव; हेट क्राइम की आशंका

अमेरिका में पंजाबी सिख ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, रेस्ट एरिया के बाथरूम में चाकुओं से गोदा, शरीर पर आए 17 घाव; हेट क्राइम की आशंका

वायोमिंग: अमेरिका के वायोमिंग राज्य में कैलिफोर्निया निवासी 28 वर्षीय पंजाबी सिख ट्रक चालक पर जानलेवा हमले का खौफनाक मामला सामने आया है। इंटरस्टेट-80 हाईवे के एक रेस्ट एरिया के बाथरूम में घुसे हमलावर ने पहले चालक पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए और फिर चाकू निकालकर उसकी गर्दन, छाती, हाथ और पसलियों पर कई वार किए। खून से लथपथ चालक ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई। हाईवे पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 44 वर्षीय हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

आईने में देखते ही पीछे से किया हमला
पीड़ित ट्रक चालक सिंह (सैक्रामेंटो निवासी) के अनुसार, वह हाईवे पर अपना ट्रक खड़ा करने के बाद विश्राम स्थल के बाथरूम में गया था। जब वह आईने के सामने खड़ा था, तभी पीछे से नीले ट्रैकसूट में आए हमलावर ने अचानक उसकी गर्दन पर जोरदार मुक्का मारा और उसे दीवार से सटाकर चेहरे पर वार करने लगा। सिंह ने जब खुद को बचाने के लिए मुकाबला किया, तो आरोपी ने जेब से चाकू निकाल लिया। हमलावर ने उसकी छाती, पसलियों और हाथों पर चाकू से कई गहरे घाव कर दिए। एक हाथ पर जख्म इतना गहरा था कि हड्डी तक दिखने लगी थी।

पैर फिसलने से बची जान, परिवार ने की मदद
सिंह ने आपबीती बताते हुए कहा कि उसे लगा कि वह अब जिंदा नहीं बचेगा, लेकिन उसने संघर्ष जारी रखा। इसी छीना-झपटी में बाथरूम के गीले फर्श पर हमलावर का पैर फिसल गया। मौका मिलते ही आरोपी बाहर निकला और अपने ट्रक में बैठकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सिंह किसी तरह पार्किंग एरिया में पहुंचा और 911 पर आपातकालीन कॉल की। वहां मौजूद एक स्थानीय परिवार ने तुरंत सिंह की मदद की और एम्बुलेंस आने तक उसके साथ डटे रहे। अस्पताल में भर्ती सिंह के शरीर पर कुल 17 टांके और घाव आए हैं।

हाईवे पेट्रोल ने आरोपी को दबोचा, मर्डर के प्रयास का केस
स्वीटवॉटर काउंटी शेरिफ कार्यालय और वायोमिंग हाईवे पेट्रोल ने पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए और ट्रक के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर रावलिन्स इलाके से कैलिफोर्निया के सैन गैब्रियल निवासी 44 वर्षीय एंड्रयू क्रिस बज़डक को बिना किसी विरोध के धर दबोचा। आरोपी को स्वीटवॉटर काउंटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और उस पर हत्या के प्रयास की धाराएं लगाई गई हैं।

हेट क्राइम की आशंका, सिख समुदाय में भारी रोष
इस बर्बर हमले के बाद अमेरिका में सिख समुदाय और प्रवासी ट्रक चालकों में गहरा रोष फैल गया है। यह घटना अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) की हालिया विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें ‘सिंह’ उपनाम और सिख प्रतीक चिह्नों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। नागरिक अधिकार संगठनों और कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने पहले ही उस पोस्ट को नस्लीय भेदभाव फैलाने वाला बताया था। जकारा मूवमेंट के कानूनी निदेशक जसजीत सिंह धनोआ ने कहा कि इस हमले को उस नफरती माहौल से अलग करके नहीं देखा जा सकता। उन्होंने सभी सिख और प्रवासी चालकों की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।

Life-threatening attack on a Punjabi Sikh truck driver in the US; stabbed repeatedly in a rest area restroom