You are currently viewing जालंधर में 25 हजार से ज्यादा घरों की बत्ती गुल करने की तैयारी, पावरकॉम का अल्टीमेटम; 3 दिन में शुरू होगा एक्शन

जालंधर में 25 हजार से ज्यादा घरों की बत्ती गुल करने की तैयारी, पावरकॉम का अल्टीमेटम; 3 दिन में शुरू होगा एक्शन

जालंधर: पंजाब के जालंधर में लंबे समय से बिजली का बिल दबाकर बैठे उपभोक्ताओं पर पावरकॉम का बड़ा डंडा चलने जा रहा है। पिछले एक साल से बिजली बिल का भुगतान न करने वाले 25,257 बकायेदारों के कनेक्शन काटने का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। विभाग अगले तीन दिनों के भीतर शहर भर में बड़े पैमाने पर डिस्कनेक्शन ड्राइव शुरू करने जा रहा है। शुरुआत में इन सभी उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई को अस्थायी रूप से काटा जाएगा।

14 दिन की मोहलत, नहीं भरा बिल तो कटेगा परमानेंट कनेक्शन
पावरकॉम के नियमों के मुताबिक, अस्थायी रूप से बिजली काटे जाने के बाद उपभोक्ताओं को दो हफ्ते यानी 14 दिनों की मोहलत दी जाएगी। यदि इस अवधि के भीतर बकायेदार पूरा बिल जमा करवा देते हैं, तो पेनल्टी भरकर कनेक्शन दोबारा बहाल करा सकेंगे। हालांकि, तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी बिल न भरने वालों के कनेक्शन स्थायी (परमानेंट) रूप से हमेशा के लिए काट दिए जाएंगे और मीटर उखाड़ लिए जाएंगे। इस कार्रवाई के दायरे में 20 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक के बड़े डिफ़ॉल्टर शामिल हैं।

अरबों रुपये का बकाया, श्रेणीवार सूची तैयार
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 20 हजार से 50 हजार रुपये तक के बकायेदार उपभोक्ताओं की तादाद 18,281 है, जिनसे पावरकॉम ने करीब 58.28 करोड़ रुपये की वसूली करनी है। वहीं, 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक के डिफ़ॉल्टरों की संख्या 6,976 है, जिन पर 47.69 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। इससे पहले विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए 1 से 2.5 लाख रुपये तक के बकाया वाले 5,085 बड़े डिफ़ॉल्टरों के कनेक्शन पिछले दो हफ्तों में काटे थे, जिसके दबाव में 12.51 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई थी।

कई इलाकों में चलेगा महा-अभियान, लिस्ट जारी
पावरकॉम अब जालंधर ईस्ट, कैंट, मॉडल टाउन, वेस्ट और फगवाड़ा डिवीजन के घरेलू व कमर्शियल इलाकों में एक साथ छापेमारी और रिकवरी अभियान छेड़ने जा रहा है। अकेले इन सर्कलों में घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर 25 करोड़ रुपये से अधिक की राशि फंसी हुई है। डिप्टी चीफ इंजीनियर गुलशन चुटानी के अनुसार, बकायेदारों की अंतिम सूची संबंधित सब-डिवीजनों को भेज दी गई है। अब चरणबद्ध तरीके से फील्ड टीमें मैदान में उतरेंगी और बिना किसी रियायत के सीधे मीटर डिस्कनेक्ट किए जाएंगे।

Power supply to over 25,000 homes in Jalandhar set to be cut off; Powercom issues ultimatum