You are currently viewing फरीदकोट में बाबा फरीद मेले से पहले दहलाने की साजिश नाकाम, 2 हैंड ग्रेनेड संग कनाडा PR युवक अरेस्ट; ड्रोन से मंगवाए थे हथियार

फरीदकोट में बाबा फरीद मेले से पहले दहलाने की साजिश नाकाम, 2 हैंड ग्रेनेड संग कनाडा PR युवक अरेस्ट; ड्रोन से मंगवाए थे हथियार

फरीदकोट: पंजाब के फरीदकोट में 19 सितंबर से शुरू होने जा रहे पांच दिवसीय ऐतिहासिक ‘बाबा फरीद आगमन पर्व’ से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया है। काउंटर इंटेलिजेंस (CI) की टीम ने फिरोजपुर से फरीदकोट आ रहे एक युवक को दबोचकर उसके कब्जे से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी कनाडा का परमानेंट रेजिडेंट (PR) है और महज एक हफ्ता पहले ही भारत लौटा था। आशंका जताई जा रही है कि पर्व के दौरान किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के मकसद से सीमा पार पाकिस्तान से ये विस्फोटक मंगवाए गए थे।

पाकिस्तान से जुड़े तार, ड्रोन के जरिए मंगवाए थे ग्रेनेड
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरु अर्जन देव नगर निवासी नवजोत सिंह उर्फ नव के रूप में हुई है। काउंटर इंटेलिजेंस के अधिकारियों के अनुसार, नवजोत के संपर्क पाकिस्तान में बैठे आतंकी और असामाजिक तत्वों से होने के पुख्ता संकेत मिले हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसने सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों और विस्फोटकों की यह खेप मंगवाई थी। सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त इनपुट मिला था, जिसके आधार पर फिरोजपुर मार्ग पर नाकेबंदी कर एक्टिवा से फरीदकोट आ रहे नवजोत को धर दबोचा गया।

यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस सनसनीखेज गिरफ्तारी के बाद थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), फाजिल्का में आरोपी के खिलाफ अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट (UAPA) और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 19 सितंबर से लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शुरू होने वाले बाबा फरीद मेले को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और इन ग्रेनेड का संभावित टारगेट क्या था।

पिता का दावा- कोरियर लेने पहुंचे थे, इंसाफ की लगाई गुहार
वहीं दूसरी ओर, आरोपी के पिता सूबा सिंह ने अपने बेटे को बेकसूर बताते हुए पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच और इंसाफ की मांग की है। पिता का कहना है कि कनाडा में पीआर उनका बेटा 12 सितंबर को ही घर लौटा था। वीरवार शाम बेटे ने बताया कि उसका कोई जरूरी कोरियर आ रहा है। पिता के मुताबिक, जब वह अपने बेटे के साथ सादिक चौक के पास कोरियर रिसीव करने पहुंचे, तभी पुलिस टीमों ने उन्हें घेर लिया और हिरासत में ले लिया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां युवक के मोबाइल डेटा और डिजिटल फुटप्रिंट्स की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।

Plot to unleash terror in Faridkot ahead of the Baba Farid Fair foiled; Canada PR holder arrested with two hand grenades