You are currently viewing पंजाबी सिंगर हरिंदर पाल सिंह निज्जर पर जालंधर पुलिस का शिकंजा, सरेआम हथियार लहराने पर आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज

पंजाबी सिंगर हरिंदर पाल सिंह निज्जर पर जालंधर पुलिस का शिकंजा, सरेआम हथियार लहराने पर आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज

जालंधर: गन कल्चर और सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करने वालों के खिलाफ जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। शहर के एक निजी कॉलेज परिसर में गाने की शूटिंग के दौरान सरेआम हथियारों का प्रदर्शन करने के आरोप में मशहूर पंजाबी गायक हरिंदर पाल सिंह निज्जर और उनके साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि समाज में दहशत फैलाने या कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई बड़ा सेलिब्रिटी ही क्यों न हो।

कॉलेज में गाने की शूटिंग के दौरान लहराए हथियार, वीडियो हुआ वायरल
एडीसीपी-1 मुख्तियार राय (PPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थी। पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो जालंधर के एक निजी कॉलेज का है, जहां पंजाबी गायक हरिंदर पाल सिंह निज्जर अपने नए गाने की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग के दौरान गायक और उनके साथ मौजूद कई साथी खुलेआम आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन करते और गन कल्चर को बढ़ावा देते नजर आ रहे थे।

थाना डिवीजन नंबर 1 में नए कानून और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
वायरल वीडियो का कड़ा संज्ञान लेते हुए जालंधर पुलिस ने बिना देरी किए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर 1 में एफआईआर नंबर 304/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी गायक और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और 190 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 30 के तहत गैर-जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हथियारों का प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं, पुलिस ने आम जनता से भी की अपील
एडीसीपी-1 ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन गन कल्चर को पूरी तरह खत्म करने के लिए वचनबद्ध है। सरेआम हथियारों का प्रदर्शन कर युवाओं को गुमराह करने और समाज में डर पैदा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके साथ ही कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करने वाली पोस्ट्स को बढ़ावा न दें और ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Jalandhar Police crack down on Punjabi singer Harinder Pal Singh Nijjar; FIR registered under the Arms Act