होशियारपुर: होशियारपुर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इसी दौरान मौके पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला पर अचानक हमला कर दिया गया। धरने में शामिल एक व्यक्ति ने हाथ से माइक छीनकर सीधे उनके चेहरे पर दे मारा और मुक्के भी मारे, जिससे सांपला को चोटें आई हैं। हमले के बाद उनकी नाक से खून बहने लगा। मौके पर भारी पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
तड़के पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त की गई थी प्रतिमा
यह पूरा विवाद होशियारपुर के गांव बाड़ियां कलां का है। मंगलवार तड़के अज्ञात असामाजिक तत्वों ने बाड़ियां कलां में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पत्थर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस जांच के अनुसार, शरारती तत्वों द्वारा किए गए पथराव से प्रतिमा के चेहरे और हाथ की उंगली को नुकसान पहुंचा है। घटना के सामने आते ही इलाके में भारी रोष फैल गया और बसपा सहित विभिन्न संगठनों ने मौके पर पक्का धरना शुरू कर दिया।
देखें VIDEO-
धरनास्थल पर पहुंचे भाजपा नेता, टिप्पणी के बाद भड़का विवाद
घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल और होशियारपुर भाजपा जिलाध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू बाड़ियां कलां पहुंचे। यहां बसपा कार्यकर्ता पहले से ही धरने पर डटे हुए थे। धरनास्थल पर संबोधन के दौरान बसपा कार्यकर्ताओं की ओर से विजय सांपला पर कुछ तल्ख टिप्पणियां की गईं। इसके बाद जब सांपला ने अपनी बात रखने के लिए माइक थामा, तो माहौल एकाएक गरमा गया।
माइक छीनकर चेहरे पर किया वार, मची अफरा-तफरी
सांपला के बोलते ही विरोध और बढ़ गया और भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से माइक छीन लिया। इसके बाद उसी भारी माइक से सीधे विजय सांपला के मुंह पर हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हमले में सांपला के चेहरे पर चोट आई और खून की खरोंचें उभर आईं। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से हालात बेकाबू होने लगे, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग किया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा बल तैनात
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा को खंडित करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री पर हमले की घटना के सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


Former Union Minister Vijay Sampla attacked in Hoshiarpur; hit on the face with a microphone during a protest




