You are currently viewing जालंधर कोर्ट में पुलिस को देख छत से कूदे 2 गैंगस्टर, 12 फीट ऊंचाई से छलांग लगाते ही एक का टूटा पैर; मंदिर पथराव मामले में थे वांटेड

जालंधर कोर्ट में पुलिस को देख छत से कूदे 2 गैंगस्टर, 12 फीट ऊंचाई से छलांग लगाते ही एक का टूटा पैर; मंदिर पथराव मामले में थे वांटेड

जालंधर: स्थानीय कोर्ट कॉम्प्लेक्स में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस को सामने देखकर पेशी पर आए दो कुख्यात गैंगस्टरों ने भागने की नीयत से छत से नीचे छलांग लगा दी। करीब 12 फीट की ऊंचाई से कूदने के चलते एक गैंगस्टर का पैर टूट गया। मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए दोनों को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए दोनों आरोपी शहर के ऐतिहासिक देवी तालाब मंदिर में हुई हिंसक पत्थरबाजी के मामले में वांछित चल रहे थे।

पेशी पर आए थे आरोपी, पुलिस को देखते ही मची भगदड़

पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था कि मंदिर विवाद से जुड़े दो वांटेड गैंगस्टर किसी अन्य मामले की सुनवाई के सिलसिले में जालंधर कोर्ट कॉम्प्लेक्स पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर जैसे ही पुलिस टीम उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़ी, दोनों ने भागने का प्रयास किया और कोर्ट परिसर की करीब 12 फीट ऊंची छत से छलांग लगा दी। कूदते ही एक आरोपी बुरी तरह घायल हो गया और उठ नहीं पाया। पुलिस ने तुरंत पीछा कर दोनों को काबू में लिया और घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

हाल ही में जेल से बाहर आया था अमन, फतेह भी धराया

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन उर्फ अमना (निवासी बाबा काहन दास नगर) और फतेह के रूप में बताई जा रही है। छलांग लगाने के दौरान अमन के पैर की हड्डी टूटने की सूचना है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अमन 5 सितंबर को ही होशियारपुर जेल से बाहर आया था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों से कड़ी पूछताछ की जाएगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि की जाएगी।

देवी तालाब मंदिर में मेयर की मौजूदगी में चली थीं ईंटें

गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले ऐतिहासिक देवी तालाब मंदिर परिसर में आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज व मेयर विनीत धीर की शुक्राना यात्रा के दौरान जमकर उपद्रव हुआ था। इस दौरान फतेह गैंग और भाना गैंग के गुर्गे आमने-सामने आ गए थे। मामूली बहस के बाद दोनों पक्षों में खूनी झड़प हो गई और खुलेआम ईंट-पत्थर चले थे। धार्मिक स्थल पर हुई इस गुंडागर्दी के चलते इलाके में दहशत फैल गई थी।

एसएचओ पर पहले ही गिर चुकी है गाज

धार्मिक स्थल पर दिनदहाड़े पत्थरबाजी करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने के चलते पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह पहले ही सख्त रुख अपना चुके हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई न करने और गैंगस्टरों को न पकड़ पाने के आरोप में थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ जय इंद्र को लाइन हाजिर किया जा चुका है। कमिश्नरेट पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Two gangsters jumped from the roof of a Jalandhar courthouse upon seeing police, one breaking his leg after leaping from a height of 12 feet