जालंधर: नूरमहल पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक हुंडई i20 कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार से 11 पेटियां अवैध शराब जब्त की हैं। हालांकि, पुलिस को सामने देखकर आरोपी ड्राइवर गाड़ी को मौके पर ही सड़क किनारे छोड़कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने लावारिस हालत में मिली कार और शराब को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है और फरार तस्कर की तलाश तेज कर दी है।
तलवान चौक पर गश्त के दौरान मिली थी गुप्त सूचना
थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम तलवान चौक के पास संदिग्ध वाहनों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए गश्त पर तैनात थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाहरी इलाके से सस्ती शराब लाकर नूरमहल और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से सप्लाई करता है। पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी फिल्लौर की तरफ से हुंडई i20 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर PB-10-GF-7995) में शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहा है।
पुलिस को देखते ही कार छोड़ रफूचक्कर हुआ तस्कर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में सख्त नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। जैसे ही संदिग्ध i20 कार नाके के करीब पहुंची, ड्राइवर को पुलिस की मौजूदगी की भनक लग गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने कुछ दूरी पर ही कार रोक दी और अंधेरे व भीड़ का फायदा उठाकर गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
गाड़ी के नंबर से मालिक और ड्राइवर की कुंडली खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने जब लावारिस छोड़ी गई कार की गहन तलाशी ली, तो उसके अंदर से अवैध शराब की 11 पेटियां बरामद हुईं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 61-1-14 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार ड्राइवर का सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


A liquor smuggler fled an i20 car at a police checkpoint in Jalandhar, 11 cases of illicit liquor recovered from the vehicle




