You are currently viewing पंजाब में भ्रष्टाचारियों पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 7 सरकारी मुलाजिमों समेत 8 रिश्वत लेते रंगे हाथ अरेस्ट; 8 दोषियों को जेल

पंजाब में भ्रष्टाचारियों पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 7 सरकारी मुलाजिमों समेत 8 रिश्वत लेते रंगे हाथ अरेस्ट; 8 दोषियों को जेल

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य भर में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए अगस्त माह में बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने छह ट्रैप मामलों में घूस लेते हुए 7 सरकारी अधिकारियों और एक निजी व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि सरकारी महकमों और सार्वजनिक सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और रिश्वतखोरी पर नकेल कसने के लिए यह विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

10 आपराधिक मुकदमे दर्ज, 17 सरकारी कर्मियों पर गिरी गाज

विजिलेंस प्रवक्ता के अनुसार, अगस्त के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत 10 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें कुल 23 आरोपियों को नामजद किया गया। इनमें 17 सरकारी कर्मचारी और 6 अन्य लोग शामिल हैं। इसके साथ ही, संदिग्ध भ्रष्टाचार के मामलों की तह तक जाने के लिए 3 नई विस्तृत विजिलेंस जांच भी दर्ज की गई हैं। ब्यूरो ने इस दौरान जांच पूरी कर विभिन्न सक्षम अदालतों में 13 मामलों के चालान भी सफलतापूर्वक पेश किए।

अदालत में मजबूत पैरवी, 8 दोषियों को 4 से 5 साल की कैद

विजिलेंस ब्यूरो ने अदालतों में चल रहे मामलों की ठोस पैरवी करते हुए रिश्वतखोरी के चार अहम मामलों में सजा सुनिश्चित कराई है। अदालतों ने इन मामलों में 8 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 4 से 5 साल तक के कठोर कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही, दोषियों पर 8,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना भी लगाया गया है। राज्य सरकार ने साफ किया है कि सरकारी कामकाज में किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी और कदाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह धरपकड़ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

Punjab Vigilance takes major action against corrupt individuals; 8 people, including 7 government employees