शूटरों को लीक किया था महिला का घर और बिजनेस का पता, 12 घंटे में कराई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
कैलगरी: कनाडा में भारतीय मूल के कारोबारियों से फिरौती वसूलने वाले गिरोहों को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। कैलगरी में पहली बार पंजाबी मूल की एक युवती को हाई-प्रोफाइल एक्सटॉर्शन और फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान कनुप्रीत कौर के रूप में हुई है, जिस पर शूटरों को पीड़ित महिला के घर का पता, बिजनेस और परिवार की गोपनीय जानकारी मुहैया कराने का गंभीर आरोप है। हालांकि, कैलगरी पुलिस ने पूछताछ के बाद कनुप्रीत को इस शर्त पर रिहा कर दिया है कि उसे 6 अक्टूबर को अदालत में पेश होना होगा।
वॉट्सऐप पर दी जान से मारने की धमकी, महज 12 घंटे में बरसाईं गोलियां
कैलगरी पुलिस सर्विस (CPS) के अनुसार, इस खौफनाक वारदात की शुरुआत 25 मार्च को हुई थी। पीड़िता के वॉट्सऐप पर एक अनजान नंबर से लगातार धमकी भरे टेक्स्ट और वॉइस मैसेज आने लगे, जिनमें मोटी रकम की मांग की गई थी। आरोपी के पास पीड़िता के परिवार, व्यापार और पते की पूरी जानकारी पहले से मौजूद थी। धमकी देने के महज 12 घंटे के भीतर हथियारबंद बदमाशों ने पीड़िता के घर पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं और गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। गनीमत यह रही कि इस भयानक गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घर की खिड़कियों और दीवारों पर गोलियों के निशान छूट गए।
दो बालिगों समेत एक नाबालिग पर केस दर्ज, मुखबिरी ने बढ़ाई चिंता
पुलिस की विस्तृत जांच में सामने आया कि पीड़ित परिवार की रेकी करने और शूटरों को सटीक लोकेशन उपलब्ध कराने में कनुप्रीत कौर की मुख्य भूमिका थी। इस पूरे नेक्सस में दो बालिगों और एक नाबालिग समेत तीन लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय समुदाय में इस बात को लेकर भारी चिंता फैल गई है कि अब विदेशों में भी अपने ही लोग फिरौती गैंग के लिए मुखबिरी करने में शामिल पाए जा रहे हैं।
4 महीनों में 51 फिरौती के मामले, पुलिस ने जारी किया अलर्ट
कैलगरी में फिरौती का यह नेटवर्क तेजी से पैर पसार रहा है। पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2025 से अब तक शहर में एक्सटॉर्शन के 51 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 19 वारदातों में सीधे तौर पर घरों और प्रतिष्ठानों पर फायरिंग की गई। अब तक 19 आरोपियों पर 59 विभिन्न आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने लोगों से सख्त अपील की है कि किसी भी रंगदारी की कॉल या मैसेज से डरकर पैसे न दें और तुरंत पुलिस से संपर्क करें।


First Punjabi woman arrested in Canada in high-profile extortion case




