मानसा: पंजाब के मानसा में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस आगे चल रही PRTC बस से जा टकराई। यह भीषण टक्कर सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। हादसे के वक्त स्कूल बस में कई छात्र सवार थे, जिनमें से 10 से 15 बच्चे घायल हो गए। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि स्कूल बस के ड्राइवर की दोनों टांगें टूट गईं, जबकि एक मासूम बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू किया।
मोबाइल पर बात कर रहे बाइक सवार की लापरवाही से घटा हादसा
PRTC बस के ड्राइवर के अनुसार, वह बस लेकर मानसा से जाखल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक लापरवाह बाइक सवार बस के सामने आ गया, जिसके कान पर मोबाइल फोन लगा हुआ था। बाइक सवार को बचाने के फेर में PRTC बस के चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ठीक पीछे चल रही होली हार्ट पब्लिक स्कूल (किशनगढ़) की बस संभल नहीं पाई और सीधे PRTC बस के पिछले हिस्से में जा घुसी।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी, पुलिस जांच में जुटी
टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी घायल बच्चों और चालक को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही बरेटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।


A school bus carrying children collided with a PRTC bus, injuring 15 children and breaking both the driver’s legs




