जालंधर: पंजाब में नशे का जानलेवा जाल लगातार युवाओं की जान ले रहा है। ताजा मामला जालंधर के बस्ती शेख इलाके से सामने आया है, जहां पानी वाली टंकी के पास 22 वर्षीय एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। प्राथमिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत नशे की ओवरडोज लेने के कारण हुई है। शव के नजदीक ही नशे के इंजेक्शन भी बरामद हुए, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक, पुलिस की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल
घटना की खबर मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर भड़ास निकाली। अंगुराल का सीधा आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले युवक के पास पड़े नशे के टीकों को उठाकर गायब करने का प्रयास किया ताकि मामले को दबाया जा सके। पूर्व विधायक ने दावा किया कि उनके पास शव और वहां मौजूद इंजेक्शनों की शुरुआती तस्वीरें बतौर सुबूत मौजूद हैं, जिससे पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
बस्ती दानिशमंदा और बस्ती शेख में खुलेआम नशा बिकने का आरोप
पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि बस्ती दानिशमंदा और बस्ती शेख क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस को इन तमाम नशा तस्करों और अड्डों की पूरी जानकारी है, लेकिन इसके बावजूद तस्करों पर कोई ठोस कानूनी शिकंजा नहीं कसा जा रहा। पुलिस की कथित ढिलाई के चलते ही आए दिन नौजवान नशे की दलदल में फंसकर असमय काल के गाल में समा रहे हैं।
थाना-5 की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
वारदात की सूचना पाकर थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने शीतल अंगुराल द्वारा लगाए गए आरोपों पर जांच की बात कहते हुए अज्ञात नशा सप्लायरों के खिलाफ पड़ताल शुरू कर दी है।


22-year-old man dies of drug overdose in Jalandhar; syringes found nearby




