You are currently viewing अमेरिका में शादी से इनकार पर सिरफिरे आशिक का खूनी खेल, भारतीय मूल की महिला की दिनदहाड़े हत्या; पुलिस घेराबंदी के बाद खुद को भी उड़ाया

अमेरिका में शादी से इनकार पर सिरफिरे आशिक का खूनी खेल, भारतीय मूल की महिला की दिनदहाड़े हत्या; पुलिस घेराबंदी के बाद खुद को भी उड़ाया

कैलिफोर्निया: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य की राजधानी सैक्रामेंटो में एकतरफा प्यार के जुनून में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 16 साल छोटे एक सिरफिरे युवक ने शादी से इनकार करने पर 38 वर्षीय भारतीय मूल की महिला शालिनी ठाकुर की दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे 22 वर्षीय आरोपी रोहित को जब पुलिस ने हाईवे पर चारों तरफ से घेर लिया, तो उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कोर्ट से प्रोटेक्शन ऑर्डर (संरक्षण आदेश) मिलने के बावजूद आरोपी लगातार महिला का पीछा कर रहा था।

पानेरा ब्रेड आउटलेट के बाहर दौड़ा-दौड़ा कर मारी गोलियां

यह खूनी वारदात सैक्रामेंटो के भीड़भाड़ वाले आर्डेन-आर्केड इलाके में दोपहर करीब 3 बजे पेश आई। शालिनी जब ‘पानेरा ब्रेड’ आउटलेट से बाहर निकलीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे रोहित ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। खतरे को भांपते हुए शालिनी जान बचाने के लिए भागीं, लेकिन हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब शालिनी जमीन पर गिर गईं तो आरोपी उनके बेहद करीब पहुंचा और सिर में दो और गोलियां दाग दीं, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

हाईवे पर पुलिस घेराबंदी देख खुद को गोली से उड़ाया

वारदात के तुरंत बाद आरोपी अपनी कार में सवार होकर तेजी से फरार हो गया। कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल और शेरिफ विभाग की टीमों ने सघन अभियान चलाते हुए हाईवे-50 पर आरोपी की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता और बचने का कोई रास्ता न देख रोहित ने कार के अंदर ही अपनी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

16 साल का अंतर बना हत्या की वजह, मां से हुई थी आखिरी बात

शालिनी की मां सुदेश कुमारी ने अपनी व्यथा बयां करते हुए बताया कि रोहित पिछले एक साल से उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। दोनों की मुलाकात एक डिलीवरी ऐप के काम के दौरान हुई थी, जिसके बाद रोहित ने शादी का प्रस्ताव रखा। उम्र में 16 साल का बड़ा अंतर होने के कारण शालिनी ने साफ मना कर दिया, जिससे वह बौखला गया। मां ने बताया कि वारदात वाले दिन दोपहर 1:58 बजे बेटी से बात हुई थी, जिसने 15 मिनट बाद दोबारा फोन करने को कहा था। इसके बाद मां ने बेचैन होकर कई वॉट्सऐप मैसेज भेजे, लेकिन बेटी का जवाब कभी नहीं आया।

कार में लगाया था एयरटैग, फ्लैट की बनवाई थी नकली चाबी

अदालती दस्तावेजों और जांच रिपोर्टों से आरोपी की सनक की कई चौंकाने वाली परतें खुली हैं। रोहित सितंबर 2025 से ही शालिनी का पीछा कर रहा था और घंटों उनके घर के बाहर पहरा देता था। महिला की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए उसने कार के नीचे एप्पल एयरटैग तक छिपा रखा था। इतना ही नहीं, उसने शालिनी के फ्लैट की नकली चाबी बनवा ली थी और एक बार जब वह सो रही थीं, तब चुपके से उनके घर के अंदर भी घुस गया था। 19 मई को कोर्ट से संरक्षण आदेश मिलने और पाबंदियों के बावजूद आरोपी की हरकतें थमी नहीं और अंततः इस खौफनाक वारदात का रूप ले लिया।

woman-of-indian-origin-shot-dead-in-a-hail-of-gunfire-outside-a-restaurant-in-the-us