लुधियाना: हलवारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हवाई सफर की शुरुआत यात्रियों के लिए राहत के बजाय भारी परेशानी का सबब बनती जा रही है। शनिवार सुबह दिल्ली-हलवारा-दिल्ली हवाई सेवा एक बार फिर अचानक रद्द कर दी गई। पिछले छह दिनों के भीतर यह तीसरी बार है जब यह उड़ान रद्द हुई है। इसके चलते एयरपोर्ट पहुंचे 102 यात्री घंटों तक अधर में लटके रहे। इनमें बड़ी तादाद ऐसे मुसाफिरों की थी, जिन्हें दिल्ली पहुंचकर आगे विदेशों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स पकड़नी थीं। उड़ान अचानक निरस्त होने से कई लोगों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा, छात्रों की पढ़ाई और कारोबारियों के जरूरी काम अटक गए।
दिल्ली से नहीं पहुंचा विमान, एयरपोर्ट पर बेबस दिखे यात्री
शनिवार को दिल्ली से हलवारा आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-481 हलवारा नहीं पहुंची। इसी विमान को हलवारा से यात्रियों को लेकर AI-482 बनकर वापस दिल्ली लौटना था। इनकमिंग फ्लाइट के न आने से वापसी की उड़ान भी निरस्त कर दी गई। सुबह-सवेरे भारी-भरकम सामान और परिजनों के साथ एयरपोर्ट पहुंचे मुसाफिरों को जब यह जानकारी मिली, तो वहां अफरा-तफरी और नाराजगी का माहौल बन गया।
विदेश जाने वाले 65 यात्री सबसे ज्यादा परेशान, सामान लादकर लौटे
इस अव्यवस्था का सबसे बड़ा झटका उन 65 मुसाफिरों को लगा, जिनकी दिल्ली एयरपोर्ट से आगे अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिंग फ्लाइट्स बुक थीं। इनमें कई ऐसे परिवार थे जिनके साथ छोटे बच्चे और विदेश ले जाने वाला भारी सामान था। एयरपोर्ट पहुंचने पर जब पता चला कि फ्लाइट कैंसिल है, तो उन्हें अपनी भारी अटैचियां दोबारा गाड़ियों में लादकर बैरंग घर लौटना पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइन के रवैये पर कड़ा रोष जताया। उनका कहना था कि एयर इंडिया ने तड़के करीब 3:30 बजे ईमेल भेजने का दावा किया है, जबकि सुबह की फ्लाइट के लिए यात्री 4 बजे घर से निकलने की तैयारी में होते हैं, ऐसे में ऐन वक्त पर भेजे गए ईमेल का कोई औचित्य नहीं है।
सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हुए मुसाफिर, कई ने बदली तारीख
उड़ान रद्द होने के बाद यात्रियों के सामने बेहद सीमित विकल्प बचे थे। कुछ मुसाफिरों ने दोपहर की फ्लाइट AI-484 में टिकट पाने की जद्दोजहद की और सीट मिलने पर वेटिंग एरिया में बैठकर घंटों इंतजार किया। कुछ यात्रियों ने मजबूरी में अपनी यात्रा की तारीख आगे बढ़ाई, जबकि कई लोग फ्लाइट छूटने के डर से आनन-फानन में टैक्सी और सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुए। बार-बार फ्लाइट रद्द होने की इस समस्या से यात्रियों का भरोसा हलवारा एयरपोर्ट की सेवाओं से उठता दिख रहा है।


Delhi flight cancelled for the third time in six days at Halwara Airport; 102 passengers bound




