You are currently viewing पन्नू के इशारे पर पंजाब में खालिस्तानी नारे लिखवाने वाला गुर्गा गिरफ्तार, दिल्ली स्पेशल सेल ने इस जिले से दबोचा

पन्नू के इशारे पर पंजाब में खालिस्तानी नारे लिखवाने वाला गुर्गा गिरफ्तार, दिल्ली स्पेशल सेल ने इस जिले से दबोचा

फरीदकोट: प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से एक सक्रिय गुर्गे को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर फरीदकोट के गांव डोड निवासी प्रितपाल सिंह उर्फ काका को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद स्पेशल सेल की टीम आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ दिल्ली ले गई है।

पन्नू के सीधे संपर्क में था आरोपी, पैसे देकर बनवाता था वीडियो

जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रितपाल सिंह सीधे SFJ के प्रमुख आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के संपर्क में था। आरोप है कि वह पन्नू के इशारे पर पंजाब में माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रहा था। वह विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर खालिस्तान के समर्थन में देशविरोधी नारे लिखवाता था और फिर उनके वीडियो तैयार करवाता था। इस काम के लिए उसने बठिंडा के गांव महिमा सरजा निवासी मंगल सिंह को पैसे देकर अपने साथ जोड़ा हुआ था।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने का था नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक, मंगल सिंह तय जगहों पर नारे लिखकर उनकी वीडियो रिकॉर्ड करता था और फिर उन्हें प्रितपाल सिंह को भेजता था। इसके बाद प्रितपाल इन वीडियो को पन्नू और उसके विदेश में बैठे आतंकी नेटवर्क तक पहुंचाता था, जिनका इस्तेमाल सोशल मीडिया पर प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए किया जाता था।

थाना बाजाखाना में UAPA के तहत FIR दर्ज, दूसरे आरोपी की तलाश

इस आतंकी गठजोड़ का पर्दाफाश होने के बाद फरीदकोट पुलिस ने थाना बाजाखाना में प्रितपाल सिंह उर्फ काका और मंगल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की टीमें अब फरार आरोपी मंगल सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य मददगारों और फंडिंग के स्रोतों की भी गहन जांच की जा रही है।

Operative who had Khalistani slogans painted in Punjab at Pannu’s behest arrested