जालंधर: जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जालंधर से अमृतसर की दिशा में जा रही एक मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार एक युवक और दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।
शवों को मॉर्चरी भिजवाया, मां-बेटे और बहू होने का अंदेशा
हादसे की सूचना मिलते ही सुभानपुर थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारी हरजिंदर सिंह ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लिया और एंबुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला की मॉर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों के पास से मिले एक पहचान पत्र के आधार पर अंदेशा जताया जा रहा है कि जान गंवाने वालों में मां, बेटा और बहू शामिल हैं।
अमृतसर नंबर की बाइक, परिजनों से संपर्क की कोशिश
हादसे का शिकार हुई मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर अमृतसर का पाया गया है। इसके अलावा मिले पहचान पत्र पर भी अमृतसर का पता दर्ज है, जिससे यह माना जा रहा है कि तीनों मृतक अमृतसर या उसके आसपास के इलाके के रहने वाले थे। सुभानपुर पुलिस ने पहचान की पुष्टि करने और परिजनों तक सूचना पहुंचाने के लिए अमृतसर पुलिस से भी संपर्क साधा है।
फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की जांच कर रहे सुभानपुर पुलिस के एएसआई हरजिंदर सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। पुलिस हाईवे और उसके आसपास बनी मार्केट की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


Unidentified vehicle runs over motorcycle on Jalandhar-Amritsar highway; mother, son, and daughter-in-law die




