चंडीगढ़: अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और विदेशों में पनाह लिए बैठे अपराधियों के खिलाफ पंजाब पुलिस को ऐतिहासिक कामयाबी हाथ लगी है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से पंजाब पुलिस ने पूर्वी यूरोपीय देश मोल्दोवा से कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के मुख्य गुर्गे अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम का सफल प्रत्यर्पण (Extradition) करा लिया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इसे मील का पत्थर बताते हुए स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी यूरोपीय देश से किसी बड़े भगोड़े गैंगस्टर का कानूनी रूप से प्रत्यर्पण संभव हो सका है।
हत्या और यूएपीए जैसे संगीन मामलों में था वांटेड
अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम लंबे समय से पंजाब में जग्गू भगवानपुरिया गैंग की आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA), आर्म्स एक्ट और बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी के दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं। पंजाब में वारदातों को अंजाम देने के बाद वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश भाग गया था और वहीं बैठकर गैंग की गतिविधियों को निर्देश दे रहा था।
‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’: 6 महीने का गुप्त अंतरराष्ट्रीय मैनहंट
अमृत दलम को कानून के शिकंजे में लाने के लिए पंजाब पुलिस ने ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ नाम से एक बेहद गोपनीय और रणनीतिक अंतरराष्ट्रीय अभियान शुरू किया था। पिछले छह महीनों से चल रहे इस मैनहंट में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) की टीमों ने मुख्य भूमिका निभाई। सटीक खुफिया जानकारी, डिजिटल सर्विलांस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर गैंगस्टर के हर मूवमेंट को ट्रैक किया गया।
मोल्दोवा सीमा पर रेड नोटिस से दबोचा गया था आरोपी
पंजाब पुलिस ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और विदेश मंत्रालय के समन्वय से अमृत दलम के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। इसी नोटिस के आधार पर 7 मार्च 2026 को जब वह पूर्वी यूरोपीय देश मोल्दोवा की सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था, तब सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद महीनों चली कानूनी और राजनयिक प्रक्रिया के तहत सभी औपचारिकताओं को पूरा कर आज उसे भारतीय धरती पर लाया गया।
वैश्विक एजेंसियों और टीमों की सराहना
डीजीपी गौरव यादव ने इस ऑपरेशन को सफल बनाने वाली एजीटीएफ और ओएफटीईसी की टीमों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग देने वाले मोल्दोवा व अजरबैजान के अधिकारियों, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और सीबीआई का आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रमुख ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि पंजाब में अपराध कर दुनिया के किसी भी कोने में छिपने वाले बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के कटघरे में खड़ा करने के लिए पुलिस इसी तरह मुस्तैदी से काम करती रहेगी।


First-ever extradition of a gangster from Europe: Amrit Dalam, a key shooter of the Jaggu Bhagwanpuria gang




