नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कश्मीरी गेट इलाके में एक खाली स्लीपर बस के भीतर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
रास्ता भटकने पर झांसा देकर बस में बैठाया
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 11वीं की छात्रा परिजनों से नाराज होकर नोएडा स्थित अपने चचेरे भाई के घर जाने के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे की वजह से वह रास्ता भटककर ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही खाली स्लीपर बस को छात्रा ने रुकने का इशारा किया। ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 छोड़ने का झांसा देकर बस के अंदर बैठा लिया।
47 किलोमीटर के सफर में हैवानियत, कश्मीरी गेट पर फेंककर भागे
सूरजपुर वर्कशॉप से बस रिपेयर करवाकर तिमारपुर लौट रहे आरोपियों ने बस आगे बढ़ते ही छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर के सफर के दौरान दोनों ने चलती बस में छात्रा के साथ दरिंदगी की। बस स्लीपर होने और खिड़कियों पर पर्दे टंगे होने के कारण बाहर किसी को भनक तक नहीं लगी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी पीड़िता को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर लावारिस छोड़कर फरार हो गए।
तिमारपुर पार्किंग से दोनों दरिंदे गिरफ्तार
वारदात के बाद बदहवास छात्रा ने कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर इलाके में घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को तिमारपुर की बस पार्किंग से धर दबोचा। पुलिस अब रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है।


16-year-old student gang-raped in moving sleeper bus; driver and conductor subjected her




