फिरोजपुर: फिरोजपुर स्थित ममदोट इलाके में शनिवार रात बेखौफ बदमाशों ने आम आदमी पार्टी के नेता की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश हमलावरों ने कार और बाइक सवार लोगों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। इस सनसनीखेज वारदात में आप नेता की जान चली गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल है।
कार और बाइक सवारों पर बरसाईं गोलियां
वारदात ममदोट में उस वक्त हुई जब आम आदमी पार्टी नेता गुरप्रीत सिंह (45) अपने साथियों के साथ मौजूद थे। तभी घात लगाकर पहुंचे नकाबपोश शूटरों ने कार में बैठे तीन लोगों और उनके साथ दो बाइक सवारों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। हमले में गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका साथी हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल साथी की हालत गंभीर, अस्पताल रेफर
सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे दो घायलों को अस्पताल लाया गया था, जहां गुरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गोली लगने से लहूलुहान हरप्रीत सिंह की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया है।
चुनावी रंजिश के चलते हत्या, आरोपियों की पहचान हुई: SSP
वारदात की सूचना मिलते ही फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच का जिम्मा संभाला। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी चुनावी रंजिश सामने आई है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े बाकी पहलुओं का पूरा खुलासा किया जाएगा।


Bloodshed over election rivalry in Punjab: Masked shooters gun down AAP leader




