अमृतसर: श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट 17 घंटे से अधिक लेट हो गई। एयरलाइन के ढुलमुल रवैये और घंटों तक सटीक जानकारी न मिलने से नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर जोरदार प्रदर्शन किया और स्टाफ के साथ तीखी बहस हुई।
बार-बार बदला समय, फिर बताया 17 घंटे का इंतजार
यात्रियों ने अपना आक्रोश जताते हुए बताया कि फ्लाइट का तय समय पहले सुबह 8:40 बजे था, जिसे बाद में बढ़ाकर 11:00 बजे किया गया। जब यात्री तय समय पर एयरपोर्ट पहुंचे, तो काउंटर पर कर्मचारियों ने अचानक बताया कि फ्लाइट अब 17 घंटे देरी से रवाना होगी। अचानक मिली इस सूचना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ एयरपोर्ट के बाहर धूप में बैठकर इंतजार करने को विवश हो गए।
न रुकने का इंतजाम, न रिफंड की जानकारी
परेशान यात्रियों का आरोप है कि स्पाइसजेट प्रबंधन की तरफ से कोई भी वरिष्ठ अधिकारी स्थिति संभालने या बात सुनने के लिए आगे नहीं आया। यात्रियों को न तो किसी होटल में ठहरने की व्यवस्था दी गई और न ही टिकट कैंसिलेशन या पूरे रिफंड को लेकर कोई ठोस जवाब मिला।
DGCA के नियमों का खुला उल्लंघन करने का आरोप
गुस्साए मुसाफिरों ने नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि इतनी लंबी देरी की स्थिति में एयरलाइन को तुरंत यात्रियों के भोजन, रहने की उचित व्यवस्था, वैकल्पिक टिकट या पूरा रिफंड देना अनिवार्य है। इसके बावजूद एयरलाइन प्रबंधन नियमों की अनदेखी कर रहा है।
यात्रियों ने की तत्काल समाधान की मांग
यात्रियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए मांग की है कि एयरलाइन फ्लाइट में आई इस भारी देरी का स्पष्ट और लिखित कारण बताए। इसके साथ ही फंसे हुए सभी यात्रियों को तत्काल प्रभाव से पूरा रिफंड, अन्य एयरलाइंस में वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था और जरूरी मूलभूत सुविधाएं तुरंत मुहैया कराई जाएं।


Commotion among passengers at Amritsar Airport; SpiceJet flight delayed by 17 hours




