You are currently viewing नगर निगम की बैठक जनता के मुद्दों के लिए थी, लेकिन बनकर रह गई प्रस्ताव पास करने की रस्म: मनजीत सिंह टीटू

नगर निगम की बैठक जनता के मुद्दों के लिए थी, लेकिन बनकर रह गई प्रस्ताव पास करने की रस्म: मनजीत सिंह टीटू

जालंधर: नगर निगम हाउस की आज हुई बैठक ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि शहर की वास्तविक समस्याओं को लेकर नगर निगम प्रशासन और सत्ताधारी पक्ष कितना गंभीर है। नगर निगम बनने के बाद यह हाउस की केवल चौथी बैठक है, लेकिन इतने समय के बाद भी शहर की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

यह बात विपक्ष के नेता एवं वार्ड नंबर 50 के पार्षद मनजीत सिंह टीटू ने बैठक के बाद कही। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में जनता की समस्याओं पर गंभीर चर्चा करने के बजाय सत्ताधारी पक्ष द्वारा पहले से तैयार किए गए प्रस्तावों को पास करवाने पर ही जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि पार्षद जनता की समस्याएं और अपने-अपने वार्डों के महत्वपूर्ण मुद्दे लेकर हाउस में पहुंचे थे, लेकिन न तो उनकी बात को उचित तवज्जो दी गई और न ही उठाए गए सवालों के स्पष्ट एवं संतोषजनक जवाब दिए गए। यदि चुने हुए प्रतिनिधियों की आवाज ही हाउस में नहीं सुनी जाएगी, तो फिर लोकतांत्रिक हाउस की बैठक का उद्देश्य क्या रह जाता है?

मनजीत सिंह टीटू ने तीखे शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए आज की बैठक का सबसे बड़ा फायदा यही रहा कि जिन प्रस्तावों को वह पास करवाना चाहती थी, वे पास हो गए। लेकिन शहर की जनता के लिए निराशा की बात यह रही कि उनकी वास्तविक समस्याओं पर कोई ठोस और समयबद्ध फैसला नहीं लिया गया।

उन्होंने कहा कि आज जालंधर की जमीनी हकीकत किसी से छिपी नहीं है। कई इलाकों में सीवरेज की समस्या गंभीर है, सड़कों की हालत खराब है और कूड़े की समस्या के कारण लोग परेशान हैं। जनता सफाई, बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की मांग कर रही है, लेकिन नगर निगम की बैठक में इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई करने के बजाय प्रस्ताव पास करने को ही प्राथमिकता दी गई।

उन्होंने कहा, “प्रस्ताव पास करना अपने आप में कोई उपलब्धि नहीं है। उपलब्धि उस समय होगी, जब इन प्रस्तावों के फैसले जमीन पर दिखाई देंगे। जनता को कागजों पर प्रस्ताव नहीं, बल्कि साफ शहर, चलने योग्य सड़कें, बेहतर सीवरेज व्यवस्था और बुनियादी सुविधाएं चाहिए।”

विपक्ष के नेता ने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दबाव के बिना जालंधर की जनता के मुद्दे हाउस में पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे। सत्ताधारी पक्ष को केवल प्रस्ताव पास करने से आगे बढ़कर यह भी बताना होगा कि शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए कब, कहां और कितनी कार्रवाई की जाएगी।

“अब केवल प्रस्ताव पास करने से काम नहीं चलेगा—जालंधर की जनता को नतीजे चाहिए और नगर निगम को उन नतीजों का हिसाब देना पड़ेगा।”

The Municipal Corporation meeting was meant to address public issues but ended up being reduced to a mere formality of passing proposals: Manjit Singh Titu.