नई दिल्ली: खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई को अब प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू ने खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। पन्नू ने एक ताजा वीडियो जारी कर इन गैंगस्टर्स को बदले की आग और ‘खालसाई इंसाफ’ का खौफ दिखाया है। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में भी हलचल तेज हो गई है।
खुद अपने पैरों पर मारी कुल्हाड़ी… नहीं बचेगा कोई
पन्नू ने अपने भड़काऊ वीडियो में कहा है कि निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेकर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ ने खुद अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली है। इस आतंकी ने बेहद धमकी भरे लहजे में कहा कि मैं उन्हें साफ बता देना चाहता हूं कि भले ही कनाडा या अमेरिका की अदालतों में उनके खिलाफ केस बंद हो जाएं, लेकिन वे खालसाई इंसाफ और सजा से किसी भी कीमत पर बच नहीं पाएंगे। उसने सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहा कि खालसाई इंसाफ की गोली सीधे उनके माथे पर लगेगी।
ऑडियो वायरल होने के बाद सामने आया वीडियो
गौरतलब है कि पन्नू का यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब महज दो दिन पहले ही गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और अर्श डल्ला का इस पूरे मामले को लेकर एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। अपने इस नए वीडियो में पन्नू ने लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, करण बराड़, अमनदीप सिंह, कमलप्रीत और करणप्रीत सिंह की तस्वीरें भी दिखाई हैं। उसने इन सभी लोगों पर हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश में सीधे तौर पर शामिल होने का गंभीर आरोप लगाया है।


Pannun enraged over Nijjar’s death; threatens Lawrence Bishnoi and Goldie Brar




