You are currently viewing महिला प्रोफेसर को दिया लव लेटर, सस्पेंड होने पर दी तेजाब से चेहरा जलाने की धमकी; अश्लील वीडियो वायरल करने पर छात्र पर FIR दर्ज

महिला प्रोफेसर को दिया लव लेटर, सस्पेंड होने पर दी तेजाब से चेहरा जलाने की धमकी; अश्लील वीडियो वायरल करने पर छात्र पर FIR दर्ज

चंडीगढ़: मोहाली स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर को एक सनकी छात्र ने इस कदर प्रताड़ित किया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को उसे तुरंत सस्पेंड करना पड़ा। आरोपी छात्र पर महिला प्रोफेसर को लव लेटर देने, सरेआम तेजाब से चेहरा जलाने की धमकी देने और फर्जी ईमेल के जरिए उनकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल करने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लव लेटर से शुरू हुआ खेल
पुलिस को दिए गए बयानों के मुताबिक, पीड़ित महिला पिछले करीब 6 सालों से यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। जनवरी से मई 2025 के बीच वह जिस कक्षा को पढ़ाती थी, उसमें आरोपी रजित भी पढ़ता था। महिला प्रोफेसर का विभाग बदलने के बाद भी आरोपी छात्र स्टाफ रूम, कक्षाओं और रास्तों में उनका पीछा करता रहता था। हद तो तब हो गई जब 12 फरवरी 2026 को आरोपी ने स्टाफ रूम में प्रोफेसर की टेबल पर एक लव लेटर रख दिया। सीसीटीवी फुटेज में सच्चाई सामने आने के बाद प्रोफेसर ने तुरंत इसकी शिकायत यूनिवर्सिटी के डीएसडब्ल्यू (DSW) विभाग में दर्ज करा दी।

सस्पेंड होने पर बौखलाया, दी तेजाब फेंकने की धमकी
शिकायत के बाद आरोपी छात्र रजित ने अपनी गलती मानी और माफी मांगने की कोशिश की। इसके बाद उसे 21 फरवरी को यूनिवर्सिटी से सस्पेंड कर दिया गया। सस्पेंड होने के बाद आरोपी अपनी मां को लेकर कई बार स्टाफ रूम में पहुंचा और गिड़गिड़ाते हुए माफी मांगता रहा। लेकिन जब प्रोफेसर ने उसकी माफी स्वीकार करने से इनकार कर दिया, तो उसका असली चेहरा सामने आ गया। स्टाफ रूम से बाहर निकाले जाने पर आरोपी ने सरेआम महिला प्रोफेसर को अंजाम भुगतने की धमकी दी और कहा कि वह किसी भी वक्त उन पर तेजाब डालकर उनका पूरा चेहरा खराब कर देगा।

फर्जी ईमेल बनाकर वायरल कर दिए अश्लील वीडियो
तेजाब फेंकने की धमकी देने के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा। उसने साजिश के तहत यूनिवर्सिटी के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाई और कई प्रोफेसरों से उनके आईडी-पासवर्ड मांगने शुरू कर दिए। इसी दौरान एक महिला प्रोफेसर ने धोखे में आकर अपना पासवर्ड शेयर कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित प्रोफेसर की आईडी से सभी स्टूडेंट्स को आपत्तिजनक मैसेज भेजने शुरू कर दिए और साथ ही महिला प्रोफेसर की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी वायरल कर दिए। पीड़ित की शिकायत के बाद खरड़ सिटी थाना पुलिस ने आरोपी छात्र रजित के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67A, 66E और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Student handed love letter to female professor; threatened to burn her face with acid after being suspended