You are currently viewing खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की नई साजिश, FBI और कनाडाई पुलिस ने दी चेतावनी; घर से न निकलने की सलाह

खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की नई साजिश, FBI और कनाडाई पुलिस ने दी चेतावनी; घर से न निकलने की सलाह

वाशिंगटन: अमेरिका और कनाडा की धरती से भारत के खिलाफ लगातार जहर उगलने वाले खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की जान पर एक बार फिर मौत का साया मंडरा रहा है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) और रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने पन्नू को सतर्क करते हुए बताया है कि उसकी हत्या की एक नई और पुख्ता साजिश रची गई है। एजेंसियों ने खतरे की गंभीरता को देखते हुए इस आतंकी को फिलहाल किसी भी तरह की यात्रा न करने की सख्त हिदायत दी है, जिससे हड़कंप मच गया है।

FBI एजेंट्स ने घर पहुंचकर किया अलर्ट
‘सिख्स फॉर जस्टिस’ के जनरल काउंसिल गुरपतवंत सिंह पन्नू ने खुद यह दावा किया है कि बीते गुरुवार को एफबीआई के एजेंट उसके पास आए थे और उन्होंने खतरे के टलने तक कहीं भी सफर न करने की चेतावनी दी है। पन्नू के मुताबिक, अगर उसे कहीं जाना भी पड़े तो इसकी जानकारी पहले एजेंसियों को देनी होगी। अमेरिका के ‘ड्यूटी टू वार्न’ (Duty to Warn) कानून के तहत यह चेतावनी जारी की गई है, जो खुफिया एजेंसियों को किसी व्यक्ति की हत्या, अपहरण या गंभीर शारीरिक नुकसान के पुख्ता खतरे की भनक लगने पर उसे सतर्क करने के लिए बाध्य करता है। वहीं, मंगलवार को कनाडाई पुलिस ने भी उसे फोन पर इसी तरह का अलर्ट दिया है। हालांकि, किसी भी जांच एजेंसी ने इस खौफनाक साजिश के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

नवंबर में होनी है निखिल गुप्ता को सजा
पन्नू पर यह नया खतरा ऐसे समय में मंडरा रहा है जब साल 2023 में उसकी हत्या की साजिश रचने के आरोप में पकड़े गए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सजा सुनाई जानी है। निखिल गुप्ता ने इसी साल फरवरी में संघीय साजिश के आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया था और अब 20 नवंबर को मैनहट्टन की संघीय अदालत में उसे सजा सुनाई जाएगी। एफबीआई का दावा है कि गुप्ता ने एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के निर्देश पर हत्या की यह साजिश रची थी और एक अंडरकवर अफसर को गलती से हिटमैन समझकर उससे संपर्क किया था। संघीय दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस मामले में गुप्ता को कम से कम दो दशक (20 साल) की जेल हो सकती है।

धमकियों के बावजूद पन्नू ने फिर उगला जहर
भारत सरकार द्वारा आधिकारिक तौर पर आतंकी घोषित किए जा चुके पन्नू ने एक फोन इंटरव्यू में इन नई धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह इन कोशिशों से डरने या रुकने वाला नहीं है। उसने यह भी उम्मीद जताई कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अमेरिका और कनाडा की संप्रभुता पर मंडराते खतरे को लेकर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कड़ा विरोध करेंगे। पन्नू ने दावा किया कि इसी तरह की ‘ड्यूटी टू वार्न’ चेतावनी खालिस्तान टाइगर फोर्स के पूर्व प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर को भी दी गई थी, जिसकी 18 जून 2023 को कनाडा के सरे में हत्या कर दी गई थी। अपनी भारत विरोधी हरकतों से बाज न आते हुए पन्नू ने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों से उसे और हौसला मिल रहा है और गोली लगने की कीमत पर भी वह अपना अभियान जारी रखेगा।

New plot to assassinate Khalistani terrorist Pannun; FBI and Canadian police issue warning