कांग्रेस आलाकमान से सख्त कार्रवाई की मांग, कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा ने भी लिया आड़े हाथ
चंडीगढ़: पंजाब में कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी अपने ही एक विवादित बयान को लेकर बुरी तरह घिर गए हैं। पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही धार्मिक यात्राओं और आयोजनों पर सवाल उठाकर उन्होंने एक बड़े सियासी तूफान को जन्म दे दिया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ आक्रामक मोर्चा खोलते हुए उन पर करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है। ‘आप’ नेताओं ने गांधी के इस बयान को सीधे तौर पर उनकी मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस आलाकमान से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर डाली है।
धार्मिक आयोजनों को बताया ‘आडंबर’, भड़की AAP
यह पूरा राजनीतिक घमासान धर्मवीर गांधी की उस पोस्ट के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने नसीहत दी थी कि जनता के टैक्स का पैसा इलाज, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास में लगना चाहिए, न कि धार्मिक यात्राओं पर। कांग्रेस सांसद के इस बयान पर पलटवार करते हुए ‘आप’ पंजाब के महासचिव दीपक बाली ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बाली ने गांधी द्वारा धार्मिक कार्यक्रमों को कथित तौर पर ‘आडंबर’ कहने को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इस तरह के बयान से पंजाब के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर गहरी चोट लगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम पंजाब की महान आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान में होते हैं, जो गुरुओं और धार्मिक हस्तियों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं।
मंत्री हरपाल चीमा का करारा प्रहार, कहा- ये कांग्रेस की ‘खराब सोच’
इस विवाद में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। चीमा ने धर्मवीर गांधी के तर्कों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सरकार जनता के पैसे का कोई गलत इस्तेमाल नहीं कर रही है, बल्कि यह पैसा पूरी तरह से लोगों के हित और कल्याण में लगाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के इस कड़े विरोध को उनकी ‘खराब सोच’ का परिणाम बताया। चीमा ने डंके की चोट पर कहा कि तीर्थ यात्रा योजना के जरिए राज्य के उन बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं की जिंदगी भर की मुराद पूरी हो रही है, जो अपने खर्च पर धार्मिक स्थलों के दर्शन नहीं कर सकते थे। मंत्री ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत दी है कि आस्था पर चोट करने के बजाय उन्हें सरकार की इन सकारात्मक पहलों की सराहना करनी चाहिए।


Congress MP Dharamvir Gandhi faces backlash over remarks regarding religious pilgrimages




