चंडीगढ़: कनाडा में मारे गए खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर अंडरवर्ल्ड और आतंकी नेटवर्क के बीच जबर्दस्त जुबानी जंग छिड़ गई है। कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ द्वारा एक ऑडियो क्लिप में निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने के कुछ ही घंटों बाद, कनाडा में बैठे डेजिग्नेटेड आतंकी अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला ने खुलेआम बदले की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए 15 मिनट के एक वीडियो में डल्ला ने गोल्डी बराड़ के दावों को सिरे से खारिज करते हुए उस पर कई गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं, जिसने जांच एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।
निज्जर से संबंधों को लेकर डल्ला की सफाई
वायरल वीडियो में अर्श डल्ला ने गोल्डी बराड़ के उन सभी दावों को झूठा करार दिया है, जिनमें कहा गया था कि निज्जर ने डल्ला को पनाह, पैसे और हथियार दिए थे। डल्ला ने स्पष्ट किया कि निज्जर की हत्या वाले दिन वह उसके साथ नहीं था और पिछले एक साल से उसकी निज्जर से कोई मुलाकात ही नहीं हुई थी। डल्ला ने गोल्डी बराड़ पर सीधा हमला बोलते हुए उसे ‘एजेंसियों का मोहरा’ करार दिया। वहीं, गोल्डी बराड़ ने आतंकी परमजीत सिंह पम्मा के साथ एक कथित ऑडियो क्लिप में दावा किया था कि उसने निज्जर को इसलिए मरवाया क्योंकि वह युवाओं को ब्लैकमेल करके ड्रग्स के धंधे में धकेल रहा था।
सिद्धू मूसेवाला मर्डर और माता-पिता पर केस का उठा मुद्दा
गोल्डी बराड़ ने डल्ला पर आरोप लगाया था कि उसने (डल्ला) बराड़ के माता-पिता को झूठे केस में फंसाया है। इस पर पलटवार करते हुए डल्ला ने कहा कि बराड़ के माता-पिता पर दर्ज केस खुद गोल्डी की ही रची हुई साजिश का हिस्सा है। डल्ला ने सवाल दागा कि जब 29 मई 2022 को मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई थी, तब उसके (डल्ला के) माता-पिता पर कोई केस दर्ज क्यों नहीं हुआ? डल्ला ने कहा कि उसने जो भी हत्याएं की हैं या जिनकी साजिश रची है, उसके लिए उसके पिता से कड़ी पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने पुलिस के दबाव में आकर कभी भी हत्यारों को नहीं सौंपा।
डेरा प्रेमी की हत्या कबूली, गायकों को लेकर किया बड़ा दावा
अपने इस भड़काऊ वीडियो में डल्ला ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि कुछ पंजाबी गायक गैंगस्टरों के संरक्षण में काम कर रहे हैं। उसने दावा किया कि ये गायक गोल्डी बराड़ के लिए मुफ्त में शो करते हैं और सारा मुनाफा गैंगस्टर डकार जाते हैं। इसके साथ ही, डल्ला ने बेखौफ होकर नवंबर 2020 में बठिंडा में हुई डेरा सच्चा सौदा प्रेमी मनोहर लाल की हत्या की जिम्मेदारी ली। उसने कबूल किया कि यह हत्या उसके नेटवर्क ने बेअदबी की पुरानी घटनाओं का बदला लेने के लिए की थी।


New twist in the Nijjar murder case: Terrorist Arsh Dalla enraged by Goldy Brar’s confession




