जालंधर: बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा द्वारा बुलाए गए ‘पंजाब बंद’ का जालंधर शहर में आज मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां प्रदर्शनकारियों ने शहर के प्रमुख चौराहों पर धरना देकर आवाजाही रोक दी है, वहीं कुछ इलाकों में जनजीवन सामान्य दिनों की तरह ही चलता नजर आया। हालांकि, सार्वजनिक परिवहन के पूरी तरह ठप हो जाने से मुसाफिरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
गुरुनानक मिशन चौक पर धरना, मोर्चे ने डाला डेरा
पंजाब बंद को सफल बनाने के लिए कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने सुबह से ही जालंधर के व्यस्ततम गुरुनानक मिशन चौक को अपना केंद्र बना लिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीचों-बीच दरियां बिछाकर धरना शुरू कर दिया है, जिसके चलते इस मार्ग पर ट्रैफिक पूरी तरह से बंद हो गया है। मोर्चा के सदस्य लगातार बंदी सिंहों की रिहाई के पक्ष में नारेबाजी कर रहे हैं। हालात को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैदी से मौके पर मौजूद है और हर गतिविधि पर नजर रख रही है।
बाजारों में दिखा मिला-जुला असर, खुली रहीं बेकरी और दुकानें
बंद के आह्वान के बावजूद जालंधर के कई इलाकों में इसका खास असर नहीं दिखा। शहर के गुरुनानकपुरा रोड पर आम दिनों जैसी ही चहल-पहल नजर आई। पेट्रोल पंपों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई और वाहन चालक आम दिनों की तरह पेट्रोल भराते नजर आए। इसके अलावा दूध, ब्रेड और बेकरी जैसी जरूरी चीजों की दुकानें भी पूरी तरह खुली रहीं। हालांकि, इस दौरान निहंग जत्थेबंदियों के लोग गाड़ियों और पैदल मार्च करते हुए शहर के रास्तों पर घूमते दिखे। उन्होंने लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों और आम जनता से बंदी सिंहों की रिहाई के समर्थन में दुकानें बंद करने की अपील की।
बस स्टैंड पर थमे पहिए, हिमाचल-पंजाब जाने वाले यात्री परेशान
बंद का सबसे बड़ा और सीधा असर सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर पड़ा है। जालंधर बस स्टैंड से सुबह से एक भी बस अपने गंतव्य के लिए रवाना नहीं हुई है, जिसके कारण पूरा बस स्टैंड छावनी में तब्दील नजर आ रहा है। बसों का संचालन बंद होने से पंजाब के अन्य जिलों और पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश जाने वाले 100 से अधिक यात्री बस स्टैंड पर ही फंस गए हैं। घंटों से अपनी मंजिल तक पहुंचने का इंतजार कर रहे कई यात्री तो खाली खड़ी बसों में ही अपनी सीट बुक करके बैठे दिखे, ताकि जैसे ही बस चले उन्हें जगह मिल सके। परिवहन सेवाएं कब तक बहाल होंगी, इसे लेकर फिलहाल यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।


Mixed response to the ‘Punjab Bandh’ in Jalandhar; mats laid out at Guru Nanak Mission Chowk




