You are currently viewing पंजाब में सनसनी: बंद कमरे से आई गोली की आवाज़, दरवाजा तोड़कर देखा तो खूना में सना मिला बुजुर्ग का शव

पंजाब में सनसनी: बंद कमरे से आई गोली की आवाज़, दरवाजा तोड़कर देखा तो खूना में सना मिला बुजुर्ग का शव

फिरोजपुर: फिरोजपुर शहर स्थित गोल्डन एन्क्लेव में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने ही लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मारकर जान दे दी। सुबह-सुबह हुई इस अचानक फायरिंग की आवाज़ से पूरा इलाका दहल उठा। घटना के वक्त घर पर परिवार के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

रोज़ाना 4 बजे उठकर करते थे पाठ, आज हुआ दर्दनाक हादसा
मृतक की पहचान 65 वर्षीय गुरकिरपाल सिंह के रूप में हुई है। उनके भाई ने बताया कि गुरकिरपाल का रोज़ का नियम था कि वह तड़के करीब 4 बजे उठकर पाठ-पूजा करते थे। हालांकि, आज सुबह वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। कुछ देर बाद जब वह उठे तो बाथरूम होकर दोबारा अपने कमरे में चले गए। इसके कुछ ही पलों बाद कमरे के भीतर से अचानक गोली चलने की जोरदार आवाज़ सुनाई दी।

दरवाज़ा तोड़कर देखा तो फैला था खून
गोली की आवाज़ सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। भाई ने तुरंत ऊपर किराए पर रहने वाले व्यक्ति को मदद के लिए बुलाया और दोनों ने मिलकर कमरे का दरवाज़ा तोड़ा। अंदर का मंज़र बेहद खौफनाक था; गुरकिरपाल सिंह खून से लथपथ पड़े थे और पास में ही उनका लाइसेंसी 32 बोर का हथियार पड़ा हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं, जो घटना के समय किसी निजी काम से रिश्तेदारी में गए हुए थे।

मानसिक तनाव और बीमारी का चल रहा था इलाज
परिजनों के अनुसार, गुरकिरपाल सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे और उनके दिमाग से संबंधित बीमारी का इलाज व दवाइयां चल रही थीं। हालांकि, उन्होंने अचानक इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कोई स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच पूरी होने के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी।

Shocking incident in Punjab: Gunshot heard from a locked room; upon breaking down the door