कपूरथला: कपूरथला से एक बेहद अमानवीय और शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर अपने छोटे बच्चे के साथ बैठी एक बेबस महिला को एक शख्स ने सरेआम चप्पलों और लातों से बेरहमी से पीटा। इस क्रूरता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और महिला आयोग ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया है।
बाइक से छेड़छाड़ की बात पर भड़का दुकानदार
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना मंदिर के मुख्य गेट के ठीक बाहर की है। बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स की मंदिर के सामने ही अपनी दुकान है। महिला अपने बच्चों के साथ वहां बैठी हुई थी। कथित तौर पर महिला के साथ बैठे बच्चों ने आरोपी की बाइक को छू लिया था, बस इसी मामूली सी बात पर वह इतना आगबबूला हो गया कि उसने अपना आपा खो दिया और महिला पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी पहले महिला को चप्पलों से बुरी तरह पीटता है। जब आसपास मौजूद कुछ लोग उसे रोकने और महिला को बचाने की कोशिश करते हैं, तब भी उसका गुस्सा शांत नहीं होता और वह बेबस महिला पर पैरों से भी वार करता है।
वीडियो वायरल होने पर महिला आयोग का कड़ा दखल
इस अमानवीय घटना की शिकार महिला ने डर या किसी अन्य कारण से पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी थी। लेकिन जैसे ही सरेआम पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों में भारी रोष फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग और ह्यूमन राइट्स कोर कमेटी ने तुरंत संज्ञान लिया और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। इसके बाद कपूरथला पुलिस ने भी हरकत में आते हुए ‘सुओ-मोटो’ (स्वत: संज्ञान) लेकर जांच शुरू कर दी।
आरोपी की हुई पहचान, गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
कपूरथला के डीएसपी (सब-डिवीजन) शीतल सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर प्राथमिक जांच पूरी कर ली है। वीडियो में महिला के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान शेखपुर निवासी विकास शर्मा (पुत्र पवन कुमार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी विकास के खिलाफ थाना सिटी में विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


Humanity shamed in Kapurthala: Shopkeeper beats woman sitting with a child using slippers




